अमरीका हमारी रक्षा करेगाः ताईवान की राष्ट्रपति
https://parstoday.ir/hi/news/world-i105268-अमरीका_हमारी_रक्षा_करेगाः_ताईवान_की_राष्ट्रपति
चीन के संभावित हमले के खतरे के बीच ताइवान की राष्‍ट्रपति त्‍साई इंग वेन ने भरोसा जताया है कि अमेरिका उनके देश की रक्षा करेगा। 
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
Oct २८, २०२१ १७:५९ Asia/Kolkata
  • अमरीका हमारी रक्षा करेगाः ताईवान की राष्ट्रपति

चीन के संभावित हमले के खतरे के बीच ताइवान की राष्‍ट्रपति त्‍साई इंग वेन ने भरोसा जताया है कि अमेरिका उनके देश की रक्षा करेगा। 

ताइवान की राष्‍ट्रपति त्‍साई इंग वेन ने पहली बार सार्वजनिक रूप में माना है कि अमेरिका उनके देश की सेना को सैन्‍य प्रशिक्षण दे रहा है। वेन ने भरोसा जताया कि चीन अगर उनके देश पर हमला करता है तो अमेरिका उनकी रक्षा के लिए आगे आएगा।

ताइवानी राष्‍ट्रपति का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब चीन और अमेरिका के बीच इस मुद्दे पर मौखिक युद्ध जारी है। सीएनएन को दिए इंटरव्‍यू में त्‍साई इंग वेन ने कहा कि ताइवान की सेना को अमेरिकी सेना प्रशिक्षण दे रही है। जब उनसे यह पूछा गया कि क्‍या आपको भरोसा है कि अमेरिका चीन के हमला करने की सूरत में ताइवान की मदद करेगा तो इसपर त्‍साई इंग वेन ने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है।  उन्‍होंने कहा कि ताइवान की रक्षा क्षमता को बढ़ाने के लिए अमेरिका व्‍यापक पैमाने पर सहयोग कर रहा है।

ताइवानी राष्‍ट्रपति का यह बयान, जो बाइडन के उस बयान के बाद आया है जिसमें उन्‍होंने कहा था कि चीन, ताइवान के खिलाफ बलपूर्वक कार्रवाई कर रहा है।  अमेरिकी राष्‍ट्रपति बाइडन ने कहा था कि चीन की ओर से होने वाले किसी भी हमले से ताइवान की रक्षा करने के लिए अमरीका पूरी तरह से तैयार है। बाइडन के इस बयान पर चीन ने नाराज़गी जताई थी।

ताइवान की राष्ट्रपति त्‍साई इंग वेन ने कहा कि चीन के आक्रामक व्‍यवहार के बावजूद भ्रांतियों को दूर करने के लिए वे चीनी राष्‍ट्रपति शी जिनपिंग से मिलने के लिए तैयार हैं।  ताइवानी राष्‍ट्रपति ने कहा कि हम साथ बैठ सकते हैं और अपने मतभेदों के बारे में बात कर सकते हैं।

ज्ञात रहे कि सन 1979 में अमेरिका ने ताइवान को मान्‍यता दी थी जिसे चीन अपना हिस्‍सा मानता रहा है। वहीं अमेरिकी कांग्रेस ने उसी समय "ताइवान रिलेशन ऐक्‍ट" को पारित किया था जिसके अन्तर्गत आत्‍मरक्षा के लिए ताइवान को अमेरिका हथियार दे सकता है।