इमरान ख़ान ने दी दीवाली पर बधाई
पाकिस्तान के प्रधानामंत्री इमरान ख़ान ने दीवाली के अवसर पर बधाई दी है।
हिंदुस्तान के अनुसार इमरान ख़ान ने दीवाली के अवसर पर पाकिस्तान में रहने वाले हिंदुओं को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इमरान ने ट्वीट किया कि मैं अपने देश के हिंदु समुदाय को दिवाली की बधाई देता हूं।
इमरान ख़ान के अतिरिक्त पाकिस्तान के कई नेताओं ने दीवाली के अवसर पर अलग-अलग इस देश के हिंदुओं को बधाई दी है।
पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्री फ़वाद चौधरी, योजना एवं विकासमंत्री असद उमर, मानवाधिकार मामलों की मंत्री शीरीन मज़ारी और कई अन्य नेताओं ने दीवाली की बधाई दी है।
पाकिस्तान की नैश्नल असेंब्ली के नेता प्रतिपक्ष शहबाज़ शरीफ़ ने ट्वीट किया है कि दुआ करता हूं कि रोशनी का यह त्योहार पूरी दुनिया में शांति, प्रेम और खुशी लाए।
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के प्रमुख बिलावल भुट्टो ज़रदारी ने भी दिवाली की बधाई दी है।उन्होंने अपने दीवाली संदेश में कहा है कि हमें दिवाली के संदेश को समझने की ज़रूरत है।
बिलावल का कहना है कि दिवाली हमें यह शिक्षा देती है कि बुराई चाहे कितनी भी ताक़तवर क्यों न हो, सतत संघर्ष और प्रतिबद्धता माध्यम से इसको पराजित किया जा सकता है।