इमरान सरकार ने तहरीके लब्बैक पाकिस्तान से पाबंदी हटा ली
पाकिस्तान में इमरान ख़ान सरकार ने प्रतिबंधित चरमपंथी संगठन तहरीके लब्बैक पाकिस्तान (टीएलपी) से पाबंदी हटाने की मंज़ूरी दे दी है।
4 नवंबर को पंजाब प्रांत की सरकार ने टीएलपी को प्रतिबंधित संगठनों की लिस्ट से बाहर करने का प्रस्ताव स्वीकार किया था और फिर केंद्र सरकार से भी सिफ़ारिश की थी कि टीएलपी पर लगे सारे प्रतिबंध हटा लिए जाएं।
इस साल अप्रैल में टीएलपी ने तीन दिनों तक हिंसक विरोध प्रदर्शन किए थे, जिसके बाद सरकार ने उन्हें आतंकवाद निरोधी क़ानून के तहत प्रतिबंधित संगठन क़रार दे दिया था।
अब पाबंदी हटने के बदले में टीएलपी ने विश्वास दिलाया है कि वह अपने सारे विरोध प्रदर्शन वापस ले रही है। इसके अलावा टीएलपी ने कहा कि वह पाकिस्तान के संविधान और क़ानून का पालन करेगी।
30 अक्टूबर को सरकार और टीएलपी के बीच बातचीत शुरू हुई और इस दौरान टीएलपी कार्यकर्ता राजधानी इस्लामाबाद से थोड़ी दूर वज़ीराबाद में डटे हुए थे। बातचीत के दौरान सरकार ने हिरासत में लिए गए टीएलपी के दो हज़ार से ज़्यादा कार्यकर्ताओं को रिहा कर दिया और आख़िरकार सरकार ने टीएलपी पर लगी पाबंदी को भी हटाने का फ़ैसला कर लिया। msm