बाइडन का ईरान विरोधी बयान वियना वार्ता में बनेगा बाधा
अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि दुनिया भर में पेट्रोलियम की पर्याप्त आपूर्ति है, इसलिए वे देश जो अभी भी ईरान से तेल ख़रीद रहे हैं, वह इसमें कटौती कर दें।
बाइडन के इस बयान को संभावित रूप से ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में परमाणु समझौते में अमरीका की वापसी और ईरान विरोधी प्रतिबंधों को हटाने के लिए फिर से शुरू होने वाली वार्ता के मार्ग में एक बाधा के रूप में देखा जा रहा है।
शुक्रवार को विदेश विभाग के लिए एक ज्ञापन में अमरीकी राष्ट्रपति ने यह टिप्पणी की है। अमरीकी सरकार को हर छह महीने में यह आश्वासन देने की ज़रूरत होती है कि ईरान के ख़िलाफ़ उसके एकपक्षीय प्रतिबंधों के बावजूद, विश्व स्तर पर तेल की पर्याप्त आपूर्ति हो रही है।
बाइडन का कहना था कि ईरान के अलावा अन्य देशों से पेट्रोल और पेट्रोलियम उत्पादों की पर्याप्त आपूर्ति जारी है, इसलिए ईरान से पेट्रोल और पेट्रोलियम उत्पादों की ख़रीदारी में उल्लेखनीय कमी की जा सकती है।
ओबामा प्रशासन ने 2012 में ईरान के तेल को प्रतिबंधित किया था, जिसके बाद अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने 2015 परमाणु समझौते से बाहर निकलने का एलान करते हुए 2018 में ईरान के ख़िलाफ़ प्रतिबंधों को अधिक कड़ा कर दिया।
बाइडन ने यह बयान अपने चीनी समकक्ष शी जिनपिंग के साथ सोमवार को होने वाली वर्चुअल मुलाक़ात से पहले दिया है।
अमरीका के कड़े प्रतिबंधों के बावजूद, चीन हर रोज़ ईरान से 5 लाख बैरल तेल ख़रीद रहा है। msm