अमरीका, अहमॉद आरबेरी के हत्यारों को उम्र क़ैद की सज़ा
अमरीका की एक अदालत ने अहमॉद आरबेरी की हत्या के मामले में 3 लोगों को दोषी ठहराते हुए उम्र क़ैद की सज़ा सुनाई है।
25 वर्षीय आरबेरी एक अश्वेत नागरिक थे। फ़रवरी 2020 में जॉर्जिया में जॉगिंग करने के दौरान उनका पीछा किया गया और गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई। जिसके बाद जॉर्जिया राज्य में नस्लवाद और भेदभाव के ख़िलाफ़ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन फूट पड़े थे।
जॉर्जिया के न्यायाधीश टिमोथी वाम्सली ने शुक्रवार को अपने फ़ैसला सुनाते हुए कहा कि 35 वर्षीय आरोपी ट्रैविस मैकमाइकल और उनके 66 वर्षीय पिता ग्रेगरी मैकमाइकल पैरोल की सुविधा के बिना जीवन भर जेल की सलाख़ों के पीछे रहेंगे।
वाम्सली ने मैकमाइकल के पड़ोसी विलियम रॉडी ब्रायन को भी आजीवन कारावास की सज़ा सुनाई, लेकिन उन्हें 30 साल की क़ैद के बाद पैरोल की सुविधा से वंचित नहीं किया। जॉर्जिया में हत्या के लिए न्यूनतम सज़ा 30 की जेल है।
जॉर्जिया पुलिस ने इस केस की जांच के दौरान पाया था कि तीनों आरोपियों ने पीड़ित का पीछा किया था और बहुत ही बेरहमी से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। आरोपियों के ख़िलाफ़ हत्या और ग़ुंडागर्दी जैसी कई धाराओं में मुक़दमा चलाया गया। msm