सीरिया में संघर्ष विराम के बारे में विचार विमर्श
रूस के विदेश मंत्री सेर्गेई लावरोफ़ ने अपने ईरानी व अमरीकी समकक्षों से सीरिया में संघर्ष विराम के बारे में विचार-विमर्श किया है।
रूसी विदेश मंत्रालय की घोषणा के अनुसार मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ के साथ सेर्गेई लावरोफ़ की टेलीफ़ोनी वार्ता में इस बात पर बल दिया गया कि सीरिया के अंतर्राष्ट्रीय सहायक गुट की निर्धारित बैठक में मुख्य रूप से आतंकी गुटों दाइश व नुस्रा फ़्रंट और इन गुटों को बाहर से मिलने वाली सहायता से संघर्ष पर विचार किया जाएगा। बयान के अनुसार सेर्गेई लावरोफ़ ने इसी तरह मंगलवार की शाम अपने अमरीकी समकक्ष जाॅन केरी से भी टेलीफ़ोन पर भी बात किया और सीरिया की स्थिति के बारे में विचार-विमर्श किया।
ज्ञात रहे कि गुरुवार से हलब नगर और लाज़ेक़िया प्रांत के विभिन्न क्षेत्रों में संघर्ष विराम लागू किया गया था जो मंगलवार को समाप्त हो गया लेकिन इसकी समाप्ति से कुछ ही देर पहले सीरिया के सरकारी टीवी ने बताया कि संघर्ष विराम बुधवार रात तक के लिए बढ़ा दिया गया है। घोषणा के अनुसार इसका लक्ष्य इन क्षेत्रों में राहत कार्यों के लिए अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। (HN)