अली हैदर गीलानी पाकिस्तानी अधिकारियों के हवाले
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री सैयद यूसुफ़ रज़ा गीलानी के अपहृत बेटे अली हैदर को काबुल में पाकिस्तानी अधिकारियों के हवाले कर दिया गया है।
इस्लामाबाद से फ़ार्स समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार अली हैदर गीलानी को, जिन्हें मंगलवार को ग़ज़नी प्रांत से छुड़ाया गया था, बुधवार को अफ़ग़ान रक्षा मंत्रालय ने काबुल में पाकिस्तानी राजदूत सैयद अबरार हुसैन के हवाले कर दिया। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नफ़ीस ज़करिया ने बताया कि एक विशेष विमान काबुल पहुंचा, जिसमें विदेश मंत्रालय के अधिकारी और अली हैदर के भाई अली क़ासिम सवार थे, इन लोगों ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री सैयद यूसुफ़ रज़ा गीलानी के अपहृत बेटे को अपने नियंत्रण में ले लिया।
अमरीका और अफ़ग़ानिस्तान के एक संयुक्त अभियान में मंगलवार को अली हैदर को ढूंढ निकाला गया था। तालिबान आतंकियों ने तीन साल पहले 9 मई 2013 को अली हैदर का अपहरण कर लिया था। (HN)