नाइजीरिया में इंसानों का बहता ख़ून, तमाशाई बनी दुनिया
(last modified Wed, 13 Apr 2022 03:14:04 GMT )
Apr १३, २०२२ ०८:४४ Asia/Kolkata
  • नाइजीरिया में इंसानों का बहता ख़ून, तमाशाई बनी दुनिया

उत्तरी नाइजीरिया के दूर-दराज़ क्षेत्र में सशस्त्र समूह ने 100 से अधिक लोगों की हत्या कर दी है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, उत्तरी नाइजीरिया के प्लेट्यू राज्य के कनम इलाक़े के कई गांवों पर सशस्त्र समूह द्वारा किए गए हमले में अब तक 104 लोगों की मौत हो चुकी है। हमले में बचे लोगों और स्थानीय अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। हमलावरों ने प्लेट्यू राज्य के कनम इलाक़े के चार गांवों को निशाना बनाया। इस क्षेत्र में पूर्व में भी इस तरह की हिंसक घटनाएं दर्ज की गई हैं। प्लेट्यू राज्य के गवर्नर साइमन बाको ने मंगलवार को इस ख़बर की पुष्टि करते हुए बताया कि सशस्त्र तत्वों ने आम लोगों का नरसंहार किया और साथ ही बड़ी संख्या में लोगों के घरों को भी तबाह कर दिया।

इस बीच इस घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि हमलावरों ने 130 से अधिक लोगों को मार डाला है जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। प्लेट्यू राज्य के स्थानीय अधिकारी “मलाम उस्मान अब्दुल्लाह” ने कहा कि कुकावा में 54, शुवाका में 16, ग्याम्बावु के एक गांव के आसपास 30 और दूसरे गांवों में चार लोगों के शव मिले हैं। प्लेट्यू राज्य में सेना के प्रवक्ता ने बताया कि इस राज्य के बहुत सारे गांवों को लूटा गया है, इसलिए मरने वालों की सही संख्या अभी नहीं बताया जा सकता है। नाइजीरिया के समाचार सूत्रों के अनुसार यह हमला सोमवार से शुरु हुआ है। अभी तक किसी गुट ने इन हमलों की ज़िम्मेदारी नहीं ली है। वहीं नाइजीरिया के मानवाधिकार संगठनों ने आए दिन इस देश में आम लोगों के होते नरसंहार पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं। (RZ)

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए