उत्तरी कोरिया की ओर से अज्ञात प्रक्षेपास्त्र का परीक्षण
दक्षिणी कोरिया की सेना का कहना है कि उत्तरी कोरिया की ओर से पूर्वी समुद्र में एक अज्ञात प्रक्षेपास्त्र का परीक्षण किया गया है।
दक्षिणी कोरिया की सेना की ओर से अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह अज्ञात प्रक्षेपास्त्र, क्या बैलेस्टिक मिसाइल था या नहीं। उनकी ओर से यह भी नहीं बताया गया कि अज्ञात प्रक्षेपास्त्र कितनी दूरी पर जाकर गिरा।
इसी सप्ताह उत्तरी कोरिया की ओर से यह दूसरा परीक्षण है। तीन दिन पहले दक्षिणी कोरिया और जापान की सेनाओं ने इस समाचार की पुष्टि की थी कि उत्तरी कोरिया की राजधानी प्योंगयांग की ओर से एक संदिग्ध बैलेस्टिक मिसाइल दाग़ा गया था। सन 2022 के आरंभ से लेकर अबतक उत्तरी कोरिया की ओर से यह 15वां मिसाइल परीक्षण बताया जा रहा है।
पिछले सप्ताह उत्तरी कोरिया के नेता ने कहा था कि दुश्मन की परमाणु धमकियों के मुक़ाबले में सेना को मज़बूत किया जाए। उन्होंने यह भी कहा था कि उत्तरी कोरिया की आक्रामक क्षमता, देश की सुरक्षा को सुनिश्चित बनाती है।
याद रहे कि शनिवार को उत्तरी कोरिया की ओर से किये गए अज्ञात प्रक्षेपास्त्र के परीक्षण पर पियुंगयांग की ओर से कोई बयान नहीं आया है किंतु जापान के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि यह संभवतः बैलिस्टिक मिसाइल है।
उल्लेखनीय है कि अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति ट्रम्प के काल उत्तरी कोरिया के नेता किम जूंग ऊन के साथ परमाणु निशस्त्रीकरण वार्ता के विफल होने के बाद उत्तरी कोरिया ने मिसाइल परीक्षण के अपने काम को तेज़ कर दिया है।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए