अफ़ग़ानिस्तान में चला तुग़लकी फ़रमान, चेहरे ढके दिखेेंगी महिला टीवी एंकर
https://parstoday.ir/hi/news/world-i112930-अफ़ग़ानिस्तान_में_चला_तुग़लकी_फ़रमान_चेहरे_ढके_दिखेेंगी_महिला_टीवी_एंकर
अफ़ग़ानिस्तान में तालेबान शासकों ने टीवी चैनलों पर आने वाली सभी महिला प्रस्तोताओं को कार्यक्रम के प्रसारण के दौरान अपने चेहरे ढकने का आदेश दिया है। देश के सबसे बड़े मीडिया संस्थान ने यह जानकारी दी।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
May २१, २०२२ ०५:२९ Asia/Kolkata
  • अफ़ग़ानिस्तान में चला तुग़लकी फ़रमान, चेहरे ढके दिखेेंगी महिला टीवी एंकर

अफ़ग़ानिस्तान में तालेबान शासकों ने टीवी चैनलों पर आने वाली सभी महिला प्रस्तोताओं को कार्यक्रम के प्रसारण के दौरान अपने चेहरे ढकने का आदेश दिया है। देश के सबसे बड़े मीडिया संस्थान ने यह जानकारी दी।

तूलूअ न्यूज़ चैनल ने एक ट्वीट में बताया कि तालेबान के आचरण एवं नैतिकता मंत्रालय और सूचना एवं संस्कृति मंत्रालय के बयानों में यह आदेश जारी किया गया।

चैनल के अनुसार, इस बयान में कहा गया है कि यह आदेश अंतिम है और इसमें कोई बदलाव नहीं किया जा सकता।

यह बयान तूलूअ न्यूज़ और कई अन्य टीवी एवं रेडियो नेटवर्क के मालिकाना हक वाले मोबी समूह को भेजा गया। ट्वीट में कहा गया है कि इस आदेश को अफ़ग़ानिस्तान के अन्य मीडिया संस्थानों में भी लागू किया जा रहा है।

अफ़ग़ानिस्तान के एक स्थायी मीडिया अधिकारी ने अपने और अपने स्टेशन की पहचान गोपनीय रखे जाने की शर्त पर पुष्टि की कि उनके स्टेशन को भी ऐसा ही आदेश मिला है और इस पर चर्चा की कोई गुंजाइश नहीं रखी गई है।

उन्होंने कहा कि स्टेशन के पास और कोई विकल्प नहीं है। कई महिला टीवी कार्यक्रम प्रस्तोताओं ने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वे कार्यक्रम प्रस्तुत करने के दौरान अपने चेहरे को मास्क से ढके हुए दिख रही हैं।

तालेबान जब 1996 से 2001 तक सत्ता में रहा था, तो उसने महिलाओं पर कई प्रतिबंध लगाए थे। तालेबान ने पिछले साल अगस्त में फिर से सत्ता पर क़सबिज होने के बाद शुरुआत में महिलाओं पर प्रतिबंधों को लेकर थोड़ा नरम रुख़ अपनाने की बात कही थी, लेकिन हालिया सप्ताहों में उसने फिर से प्रतिबंध कड़े करने शुरू कर दिए हैं।

उसने इस महीने की शुरुआत में महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर सिर से लेकर पैर तक बुर्के में ढके रहने का आदेश दिया था. तालेबान के आदेश के मुताबिक, महिलाओं की केवल आंखें दिख सकती हैं.

तालेबान के 1996-2001 के शासन के दौरान महिलाओं के लिए नीले रंग का बुर्का या हिजाब पहनना अनिवार्य था।

पिछले 7 मई को तालेबान ने महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर सिर से लेकर पैर तक बुर्के में ढके रहने का आदेश दिया था। नए तालेबान शासन में यह पहला फरमान था, जहां महिलाओं के लिए ड्रेस कोड के उल्लंघन पर आपराधिक सजा देने की घोषणा की गई.

तालेबान के सत्ता में आने के बाद से बीते मार्च महीने से देश के अधिकतर हिस्सों में कक्षा छह के बाद लड़कियों को स्कूल जाने पर रोक है।

हाल के महीनों में तालेबान प्रशासन ने महिलाओं पर अपने प्रतिबंध बढ़ा दिए हैं, जिसमें बिना पुरुष संरक्षक के उनकी यात्रा को सीमित करना और पुरुषों और महिलाओं को एक ही समय में पार्कों में जाने पर प्रतिबंध लगाना शामिल है। (AK)

 

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए