चीन ने की अमरीका की कड़ी आलोचना
चीनी रक्षामंत्रालय ने अमरीकी कांग्रेस की रिपोर्ट की कड़ी आलोचना की है।
फार्स न्यूज़ के अनुसार चीन ने रविवार को अमेरिका की वार्षिक रिपोर्ट की निंदा करते हुए कहा है कि अमरीका ने आपसी विश्वास को भारी नुकसान पहुंचाया है।
चीन ने यह बात पेंटागन द्वारा चीनी सैन्य क्षमताओं को लेकर बढ़ा-चढ़ाकर पेश की गई रिपोर्ट के जवाब में कही है। उसका कहना है कि पेंटागन की यह रिपोर्ट जानबूझकर उसकी रक्षा नीतियों को तोड़-मरोड़कर पेश करती है।
चीन ने इस वार्षिक रिपोर्ट पर अपनी अप्रसन्नता ज़ाहित करते हुए इसका विरोध किया। उसने कहा है कि इस रिपोर्ट में देश के सैन्य विकास को गलत ढंग से पेश किया गया है। शुक्रवार को अमेरिकी कांग्रेस को दी गई इस रिपोर्ट में रक्षा मंत्रालय से कहा गया है कि चीन, विवादित दक्षिण चीन सागर और अन्य स्थानों पर अपनी समुद्री मौजूदगी बढ़ाते हुए क्षेत्रीय तनावों को बढ़ा रहा है।
अमरीकी रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन अपने नियंत्रण का दावा करने के लिए दक्षिणी चीन सागर में अपने कृत्रिम द्वीपों के सैन्यीकरण पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। चीन की ओर से जवाबी हमला बोलते हुए रक्षा प्रवक्ता कर्नल यांग युजुन ने आरोप लगाया कि पेंटागन की वाषिर्क रिपोर्ट में चीन के सैन्य विकास को ग़लत तरह से पेश किया गया है।