अफ़ग़ानिस्तान में हिंसक कार्यवाहियों का ज़िम्मेदार राष्ट्रसंघ ने दाइश को बताया
अफ़ग़ानिस्तान में राष्ट्रसंघ के कार्यालय ने इस देश मे आम लोगों की हत्याओं का मुख्य आरोपी दाइश को बताया है।
आवा समाचार एजेन्सी के अनुसार काबुल में स्थित राष्ट्रसंघ के कार्यालय ने अफ़ग़ानिस्तान में मानवाधिकारों की स्थति के संबन्ध में एक रिपोर्ट प्रकाशित की है।
इस रिपोर्ट में कहा गया है कि अगस्त 2021 से जून 2022 के बीच अफ़ग़ानिस्तान में सशस्त्र हिंसा में उल्लेखनीय कमी के बावजूद इस दौरान इस देश के 700 लोगों की हत्याओं और 1406 अन्य लोगों के घायल होने की रिपोर्टें मिली हैं। रिपोर्ट के अनुसार इन आंकड़ों को पंजीकृत किया गया है। राष्ट्रसंघ की इस रिपोर्ट में बताया गया है कि अधिकांश हमलों को सुनियोजित ढंग से मस्जिदों और मदरसों में अंजाम दिया गया। इन हमलों को आतंकवादी गुट दाइश ने अंजाम दिया। राष्ट्रसंघ का मानना है कि अफ़ग़ानिस्तान में इस दौरान नागरिकों की की जाने वाली हत्याओं की पूरी ज़िम्मेदारी दाइश पर आती है।
याद रहे कि दाइश के आतंकवादियों ने हालिया महीनों के दौरान अफ़ग़ानिस्तान के विभिन्न क्षेत्रों में आतंकी कार्यवाहियां करके बहुत से आम अफ़ग़ानी नागरिकों की हत्याएं की हैं।
कुछ जानकारों का मानना है कि सीरिया और इराक़ में पराजित होने के बाद दाइश के आतंकवादियों को अमरीकियों ने अफ़ग़ानिस्तान पहुंचाया। दाइश के आतंकवादियों को यहां पर इसलिए लाया गया ताकि वे अफ़ग़ानिस्तान और क्षेत्र के लिए अमरीकी योजनाओं को क्रियान्वित कर सकें।
उल्लेखनीय है कि फिलहाल अफ़ग़ानिस्तान पर तालेबान का नियंत्रण है और उनका कहना है कि देश में होने वाली हिंसक एवं आतंकी कार्यवाहियों में दाइश का ही हाथ है।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए