शहबाज़ शरीफ ने नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया
मानसूनी बारिश के कारण पाकिस्तान में आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ और भूस्खलन की वजह से पाकिस्तान में 1,100 से अधिक लोग मारे गए हैं।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ट्विट कर अपने भारतीय समकक्ष प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया। नरेन्द्र मोदी ने पाकिस्तान के हालात पर दुःख जताया था।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने विनाशकारी बाढ़ से हुए भारी नुकसान पर चिंता जताने के लिए बुधवार को अपने भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। भारी बारिश के कारण आई भीषण बाढ़ से पूरे पाकिस्तान में व्यापक तबाही हुई है और 1,100 से अधिक लोग मारे गए हैं तथा लाखों लोगों को विस्थापित होना पड़ा है।
शरीफ ने ट्वीट करके कहा कि ‘‘मैं भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बाढ़ के कारण हुए मानवीय और भौतिक नुकसान पर शोक जताने के लिए धन्यवाद देता हूं। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा था कि अपने विशिष्ट गुणों के साथ पाकिस्तान के लोग, इंशाअल्लाह, इस प्राकृतिक आपदा के प्रतिकूल प्रभावों को दूर करेंगे और अपने जीवन तथा समुदायों का पुनर्निर्माण करेंगे
भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा था कि वह पाकिस्तान में बाढ़ से हुई तबाही को देखकर दुःखी हैं। उन्होंने पड़ोसी देश में जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल होने की उम्मीद जताई थी। नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट किया था कि ''पाकिस्तान में बाढ़ से हुई तबाही को देखकर दुख हुआ। हम पीड़ितों, घायलों और इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित सभी लोगों के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं और जल्द ही सामान्य स्थिति बहाल होने की उम्मीद करते हैं।''
पाकिस्तान में पिछले कई दिनों से बाढ़ का कहर लगातार जारी है। बड़ी संख्या में न सिर्फ लोगों की जानें गई हैं, बल्कि लाखों लोग विस्थापित हुए हैं और खरबों रुपए का नुकसान हुआ है। पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद के लिए अपील की है।
इस बीच विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि पाकिस्तान के बाढ़ प्रभावित इलाकों में आने वाले 4 से 12 हफ्तों में बच्चों सहित करीब 50 लाख लोग जल और वेक्टर जनित बीमारियों जैसे टाइफाइड और दस्त से बीमार पड़ सकते हैं। MM
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए