जापान पर परमाणु बमबारी के लिए माफ़ी नहीं मांगेगेः अमरीका
राष्ट्रीय सुरक्षा के मामलों में अमरीकी राष्ट्रपति की सलाहकार ने कहा है कि उनका देश दूसरे विश्व युद्ध में जापान के दो शहरों पर परमाणु बमबारी के लिए इस देश से माफ़ी नहीं मांगेगा।
सूज़न राइस ने कहा कि राष्ट्रपति बराक ओबामा की हीरोशीमा यात्रा को, माफ़ी मांगने की यात्रा बताना ग़लत है। उन्होंने कहा कि जापान के लोगों ने अमरीका से क्षमा मांगने को नहीं कहा है। वाइट हाउस की राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने इस संबंध में अमरीका के तत्कालीन राष्ट्रपति हेनरी ट्रूमैन के निर्णय के बारे में कोई संकेत नहीं किया।
उल्लेखनीय है कि अमरीका ने दूसरे विश्व युद्ध के अंतिम दिनों में जापान के दो शहरों हीरोशीमा और नागासाकी पर परमाणु बमबारी कर दी थी। इस बमबारी के परिणाम स्वरूप दो लाख दस हज़ार से ज़्यादा लोग मारे गए थे। ओबामा की हीरोशीमा यात्रा तै होने के बाद से ही वाइट हाउस इस बात की कोशिश कर रहा है कि इसे माफ़ी मांगने की यात्रा के रूप में न समझा जाए। (HN)