अस्थिर अफ़ग़ानिस्तान पूरी दुनिया के लिए है ख़तराः तालेबान
तालेबान का कहना है कि अस्थिर अफ़ग़ानिस्तान पूरे विश्व के लिए गंभीर ख़तरा बन सकता है।
तालेबान के विदेशमंत्री अमीर ख़ान मुत्तक़ी ने रविवार को कहा कि अफ़ग़ानिस्तान की वर्तमान स्थति किसी भी देश के हित में नहीं है।
उन्होंने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान की तुलना विकसित देशों से नहीं की जानी चाहिए। इसका मुख्य कारण यह है कि पिछले चार दशकों से यह देश युद्ध का दंश झेल रहा है। यहां पर अब भी भांति-भांति की समस्याए हैं जिनका समाधान किया जाना चाहिए।
तालेबान के विदेशमंत्री मुत्तक़ी से जब संयुक्त राष्ट्रसंघ में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की ओर से अफ़ग़ानिस्तान के बारे में दिये गए बयान के बारे में पूछा गया तो इसके जवाब में उन्होंने कहा कि कुछ देश एसे हैं जो अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर यह षडयंत्र फैला रहे हैं कि अफ़ग़ानिस्तान, आतंकवादियों का शरणस्थल है। मुत्तक़ी ने मीडिया से अनुरोध किया कि वह अफ़ग़ानिस्तान की सही छवि को दूसरों के सामने पेश करे।
ज्ञात रहे कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ में संयुक्त राष्ट्रसंघ की महासभा के वार्षिक अधिवेशन में अपने भाषण में दावा किया था कि वर्तमान समय में अफ़ग़ानिस्तान, आतंकवादियों के शरणस्थल के रूप में है।
उल्लेखनीय है कि अफ़ग़ानिस्तान की सत्ता पर क़ब्ज़ा किये तालेबान को अब एक साल से अधिक का समय हो रहा है। इसके बावजूद विश्व समुदाय ने तालेबान को औपचारिकता प्रदान नहीं की है। इसका मुख्य कारण यह है कि तालेबान, अफ़ग़ानिस्तान में समग्र सरकार के गठन का विरोध करते हैं और वहां के नागरिकों विशेषकर महिलाओं के अधिकारों का सम्मान नहीं करते। यह वे कारण है जिनकी वजह से तालेबान की सरकार, अन्तर्राष्ट्रीय मान्यता से अबतक वंचित है।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए