रूसी बमबारी से फिर दहला यूक्रेन
https://parstoday.ir/hi/news/world-i117342-रूसी_बमबारी_से_फिर_दहला_यूक्रेन
यूक्रेन के चार बड़े शहरों को रूस में मिलाने के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सेना ने यूक्रेन के कई दूसरे शहरों पर हमला किया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Oct ०८, २०२२ ०८:३३ Asia/Kolkata
  • रूसी बमबारी से फिर दहला यूक्रेन

यूक्रेन के चार बड़े शहरों को रूस में मिलाने के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सेना ने यूक्रेन के कई दूसरे शहरों पर हमला किया है।

रूस ने शनिवार को फिर से खारकीव शहर को निशाना बनाया है। भीषण बमबारी और मिसाइलों की गर्जना से पूर्वी यूक्रेन का खारकीव शहर शनिवार तड़के कई धमाकों से दहल गया।

हालांकि इन धमाकों में अभी किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। ये धमाके ऐसे समय में हुए हैं, जब रूस ने यूक्रेन के उन इलाकों पर हमले तेज कर दिए हैं, जिन पर उसने कब्जा किया था। धमाकों से आसमान में धुएं का गुबार बन गया और एक के बाद एक कई मिसाइलें दागी गईं। इस बीच, दक्षिणी जापोरिज्जिया शहर में आवासीय इमारतों पर हुए मिसाइल हमलों में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।

खारकीव के मेयर इहोर तेरेखोक ने ‘टेलीग्राम’ पर कहा कि शनिवार तड़के हुए धमाके शहर के केंद्र में हुए मिसाइल हमलों का नतीजा हैं। उन्होंने बताया कि इन धमाकों से शहर के एक चिकित्सा संस्थान और एक गैर-आवासीय इमारत में आग लग गई। जापोरिज्जिया में यूरोप का सबसे बड़ा परमाणु ऊर्जा संयंत्र है, जिसके रिएक्टरों को पिछले महीने बंद कर दिया गया था।

इसी बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि यूक्रेनी सैनिक खेरसोन में और अधिक बढ़त बना चुके हैं। ज्ञात रहे कि यह वही इलाका है, जिसे रूस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा यूक्रेन के चार हिस्सों के रूस में विलय को मंजूरी देने के साथ ही युद्ध के खतरनाक स्तर पर पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। इससे यूक्रेन भी नाटो की सदस्यता की प्रक्रिया को तेज करने का औपचारिक आवेदन करने को प्रोत्साहित हुआ है। MM

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें