मिस्री विमान के आतंकी हमले का शिकार होने की संभावना
https://parstoday.ir/hi/news/world-i11947-मिस्री_विमान_के_आतंकी_हमले_का_शिकार_होने_की_संभावना
पेरिस से क़ाहेरा जाने वाला मिस्री एयरलाइन का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
May १९, २०१६ १६:५९ Asia/Kolkata
  • मिस्री विमान के आतंकी हमले का शिकार होने की संभावना

पेरिस से क़ाहेरा जाने वाला मिस्री एयरलाइन का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।

यूनानी अधिकारियों का कहना है कि पेरिस से क़ाहेरा जाने वाला मिस्री एयरलाइन का विमान, यूनान के कर्पाथॉस द्वीप से दूर मिस्र की वायु सीमा में दुर्घटनाग्रस्त हुआ जिसमें मुसाफ़िरों व कर्मी दल के सदस्य सहित 66 लोग सवार थे।

मिस्र के विदेश मंत्री ने फ़्रांस को इस घटना पर सांत्वना दी। इसी प्रकार फ़्रांस ने भी मिस्र को सांत्वना दी। यह पहली सरकारी स्तर की स्वीकारोक्ति है जिसमें कहा गया है कि विमान पर सवार लोगों की संभवतः मौत हो गयी।

मिस्र के प्रधान मंत्री शरीफ़ इस्माईल ने कहा कि आतंकवाद सहित इस घटना के बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाज़ी होगी। उन्होंने कहा, “हम अभी किसी चीज़ की पुष्टि या इंकार नहीं कर सकते। सभी खोजी अभियान पूरे होने के बाद ही कारण का पता चलेगा।”

मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फ़त्ताह अल-सीसी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक की अध्यक्षता करने वाले थे।

मिस्र का दुर्घटनाग्रस्त विमान, गुरुवार को 37000 फ़ीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था जिस समय वह पूर्वी भूमध्य सागर से लापता हुआ। लापता होने के समय वह मिस्र की वायु सीमा के 10 किलोमीटर भीतर था।

एक अधिकारी के अनुसार, क़ाहेरा के स्थानीय समयानुसार रडार से 2 बज कर 45 मिनट पर विमान का संपर्क टूटा।

मिस्री एयरलाइन ने कहा कि रडार की स्क्रीन से ग़ाएब होने से पहले विमान ने परेशान करने वला संदेश भेजा।

एएफ़पी के अनुसार, इस विमान के लापता होने से 10 मिनट पहले यह संदेश पहुंचा था।

इस विमान पर ब्रिटेन के 1, फ्रांस के 15 और मिस्र के 30 यात्री सवार थे।

यूनानी अधिकारियों का कहना है कि एक व्यापारिक जहाज़ के कैप्टन ने कर्पाथॉस द्वीप से लगभग 130 नॉटिकल मील दक्षिण में आसमान में धुआं देखा।

मिस्र के नागरिक उड्डयन मंत्रालय का कहना है कि यूनान की हवाई सीमा से बाहर निकलने के 2 मिनट बाद विमान का रडार से संपर्क टूट गया था।

यूरोप के एयर ट्रैफ़िक नेटवर्क के प्रबंधन यूरोकंट्रोल का कहना है कि जिस जगह से विमान लापता हुआ उस वक़्त उस स्थान के आस-पास मौसम से जुड़ी कोई समस्या नहीं थी।(MAQ/N)