चीन, ताइवान पर हमला करने की फ़िराक़ में हैः सीआईए
अमरीकी गुप्तचर सेवा सीआईए के प्रमुख ने दावा किया है कि चीन, ताइवान पर हमला करने के चक्कर में है।
सीआईए के प्रमुख विलयम बर्नज़ ने रविवार को एक टीवी इन्टर्व्यू में यह कहा कि चीन के राष्ट्रपति शी जिन पिंग ने इस देश की सेना को आदेश दे दिया है कि ताइवान पर हमला करने के लिए वह तैयार रहे। उनका कहना है कि यह हमला 2027 तक हो सकता है।
सीआईए प्रमुख के अनुसार ताइवान को नियंत्रित करने के बारे में चीन की नीति को अमरीका को गंभीरता से लेना चाहिए। उनका कहना है कि जहां तक मुझको पता है उसके हिसाब से चीन के राष्ट्रपति का आदेश है कि ताइवान पर हमले के लिए पूरी तरह से सेना को तैयार रहना चाहिए। दूसरी ओर अमरीका के राष्ट्रपति पहले ही कह चुके हैं कि अगर चीन ने ताइवान पर हमला किया तो उसकी रक्षा के लिए अमरीकी सैनिक आगे आएंगे।
उधर ताइवान की राष्ट्रप्रमुख ने यह फैसला कर लिया है कि वे अमरीका के साथ सैन्य सहयोग को विस्तृत करेंगी। अमरीका के कुछ सांसदों के साथ भेंट में उन्होंने कहा था कि वर्तमान समय में हम अमरीका और उसके घटकों के साथ सैन्य सहयोग इसलिए बढ़ा रहे हैं ताकि क्षेत्र में विस्तारवाद का मुक़ाबला किया जा सके।
उनका कहना था कि विगत की तुलना में इस समय ताइवान, अमरीका और उसके घटकों से अधिक निकट है क्योंकि हम विस्तारवादी नीतियों और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर सहयोग करना चाहते हैं।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए