पाकिस्तान में विस्फोट से 9 पुलिसकर्मियों की दर्दनाक मौत
आत्मघाती हमले से पाकिस्तान एक बार फिर थर्रा उठा है। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सोमवार को एक जोरदार आत्मघाती हमला हुआ।
इस हमले में कम से कम 9 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गयी और 13 अन्य घायल हो गए। इससे पाकिस्तान की जनता में दहशत का माहौल है। एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार के अनुसार यह विस्फोट क्वेटा-सिबी राजमार्ग पर काम्बरी पुल पर बलूचिस्तान कांस्टेबुलरी कर्मियों के ट्रक के समीप हुआ। हमले के बाद इलाके में हड़कंप मच गया हालांकि किसी आतंकी संगठन ने अभी इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
काछी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रारंभिक सबूतों से पता चलता है कि यह एक आत्मघाती हमला था। बहरहाल, यह जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि विस्फोट किस तरह का था। उन्होंने बताया कि बम निरोधक दस्ता घटनास्थल पर पहुंच गया है और विस्फोट के बाद इलाके की तलाशी ली जा रही है।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बल घटनास्थल पर पहुंचे। खबर के अनुसार, बलूचिस्तान कांस्टेबुलरी कर्मी सिबी मेला में ड्यूटी से लौट रहे थे, इसी दौरान उन्हें निशाना बनाया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बतायी जा रही है। बलूचिस्तान कांस्टेबुलरी प्रांतीय पुलिस बल का एक विभाग है जो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और जेलों समेत संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा मुहैया कराता है। MM
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए
हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!
फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें