चीन से ख़ौफ़ज़दा है अमरीका, ऑस्ट्रेलिया को देगा परमाणु पनडुब्बियां
https://parstoday.ir/hi/news/world-i122486-चीन_से_ख़ौफ़ज़दा_है_अमरीका_ऑस्ट्रेलिया_को_देगा_परमाणु_पनडुब्बियां
हिंद प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए अमरीका ने कई क़दम उठाए हैं, ऐसी ही एक कोशिश के तहत उसने ऑस्ट्रेलिया को परमाणु पनडुब्बियां देने का फ़ैसला किया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Mar १४, २०२३ १३:१४ Asia/Kolkata
  • चीन से ख़ौफ़ज़दा है अमरीका, ऑस्ट्रेलिया को देगा परमाणु पनडुब्बियां

हिंद प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए अमरीका ने कई क़दम उठाए हैं, ऐसी ही एक कोशिश के तहत उसने ऑस्ट्रेलिया को परमाणु पनडुब्बियां देने का फ़ैसला किया है।

इस संबंध में अमरीका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया के बीच परमाणु पनडुब्बियों का नया बेड़ा तैयार करने का एक समझौता हुआ है।

अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया के इस समझौते को भविष्य में चीन से टकराने और उसकी बढ़ती शक्ति का मुक़ाबला करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

अमरीका, ब्रिटेन को पहले ही परमाणु पनडुब्बियों की तकनीक दे चुका है और अब यह दोनों देश मिलकर परमाणु पनडुब्बी से जुड़ी तकनीक ऑस्ट्रेलिया के साथ साझा करेंगे।

चीन ने तीनों देशों की इस आक्रामक कोशिश पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे शांति और स्थिरता के लिए ख़तरा बताया है।

चीन के यूएन मिशन ने कहा है कि पश्चिमी देशों की इस कोशिश से परमाणु अप्रसार की कोशिशों को झटका लगेगा।

हालांकि अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने दावा किया है कि इस समझौते का मक़सद इलाक़े में शांति को मज़बूत करना है।

इस बीच, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने कहा है कि यह उनके देश के इतिहास का रक्षा क्षेत्र में सबसे बड़ा निवेश होगा। इस पर 245 बिलियन डॉलर की लागत आएगी।

समझौते के तहत शुरुआत में अमरीका, ऑस्ट्रेलिया को तीन पनडुब्बियां देगा, उसके बाद नई ऑकस क्लास की पनडुब्बी ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया में बनाई जाएंगी। msm