पाकिस्तान सेना की इमरान ख़ान को धमकी
पाकिस्तानी सेना ने पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई के प्रमुख इमरान ख़ान को सैन्य अधिकारियों के ख़िलाफ़ बयानबाज़ी के लिए धमकी दी है।
पाक सेना के मीडिया विंग आईएसपीआर ने एक बयान जारी करके कहा है कि इमरान ख़ान सैन्य अधिकारियों के ख़िलाफ़ बयान देना बंद करें, या फिर क़ानूनी कार्यवाही के लिए तैयार रहें।
आईएसपीआर का कहना है कि इमरान ख़ान ने बिना किसी सबूत के एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी के ख़िलाफ़ बेहद ग़ैर ज़िम्मेदाराना और निराधार आरोप लगाया है।
पाकिस्तान की सेना का दावा है कि पिछले एक साल से सेना और ख़ुफ़िया अधिकारियों के ख़िलाफ़ राजनीतिक हित साधने के लिए सनसनीख़ेज़ तरीक़े से दुष्प्रचार किया जा रहा है।
ग़ौरतलब है कि इमरान ख़ान ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि पूरे पाकिस्तान को जनरल फ़ैसल नसीर का नाम याद रखना चाहिए, अगर उन्हें कुछ होता है तो इसके लिए फ़ैसल नसीर ज़िम्मेदार होंगे।
पिछले साल नवम्बर में ख़ान पर जानलेवा हमला हुआ था। हमले के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए भी इमरान ख़ान ने कहा थाः तीन लोगों ने उनकी हत्या की साज़िश रची है। यह तीन लोग हैं, गृह मंत्री सनाउल्लाह ख़ां, प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और मेजर जनरल फ़ैसल नसीर।
मेजर जनरल फ़ैसल नसीर ने सेना की पंजाब रेजीमेंट में कमीशन हासिल किया था। अपने करियर की शुरुआती में ही उन्होंने कोर ऑफ़ मिलिट्री इंटेलिजेंस ज्वाइन कर लिया था। यही कारण कि उनके बारे में बहुत अधिक जानकारी उपलब्ध नहीं है। msm