मैं निर्दोष हूं, मैंने कुछ भी ग़लत नहीं किया, ट्रंप
अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर आरोप लगाया है कि उन्हें व्हाइट हाउस से बाहर निकलने के बाद गोपनीय दस्तावेज़ों को ग़लत तरीक़े से रखने के लिए संघीय आरोपों पर मुक़दमे का सामना करना पड़ रहा है।
ग़ौरतलब है कि ट्रंप के ख़िलाफ़ राष्ट्रपति पद छोड़ने के बाद गुप्त दस्तावेज़ों को संभालने के मामले में आरोप तय किए गए हैं।
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखाः मंगलवार को मुझे मियामी में फ़ेडरल कोर्टहाउस में पेश होने के लिए समन भेजा गया है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि संयुक्त राज्य अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति के साथ ऐसा भी हो सकता है।
अमरीकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, 76 वर्षीय डोनल्ड ट्रंप के ख़िलाफ़ कुल 7 आरोप तय किए गए हैं, जिनमें अनाधिकृत रूप से गुप्त दस्तावेज़ों को रखना भी शामिल है।
कई घोटालों में फंसे रिपब्लिकन नेता से पहले कभी भी किसी वर्तमान या पूर्व अमरीकी राष्ट्रपति को संघीय आरोपों का सामना नहीं करना पड़ा है।
मंगलवार की घोषणा के तुरंत बाद, ट्रंप ने एक वीडियो पोस्ट में दावा कियाः मैं एक निर्दोष व्यक्ति हूं। मैंने कुछ भी ग़लत नहीं किया है।
यह दूसरा मौक़ा है, जब ट्रंप के ख़िलाफ़ आरोप तय किए गए हैं। इसके बावजूद, वह साल 2024 के राष्ट्रपति चुनाव की तैयारियों में ज़ोर-शोर से जुटे हुए हैं। msm