विद्रोहियों का विरोध करने वालों का शुक्रिया, पुतिन
https://parstoday.ir/hi/news/world-i125758-विद्रोहियों_का_विरोध_करने_वालों_का_शुक्रिया_पुतिन
रूस की प्राइवेट आर्मी वागनर की कुछ घंटों की बग़ावत के बाद पहली बार सोमवार देर रात राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने देश को संबोधित किया और इस बग़ावत में मारे जाने वाले पायलटों की श्रद्धांजलि दी।
(last modified 2023-06-27T04:01:10+00:00 )
Jun २७, २०२३ ०९:२९ Asia/Kolkata
  • विद्रोहियों का विरोध करने वालों का शुक्रिया, पुतिन

रूस की प्राइवेट आर्मी वागनर की कुछ घंटों की बग़ावत के बाद पहली बार सोमवार देर रात राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने देश को संबोधित किया और इस बग़ावत में मारे जाने वाले पायलटों की श्रद्धांजलि दी।

पुतिन ने रूसी टेलीविज़न पर अपने संबोधन में वागनर के विद्रोह का विरोध करने वालों का शुक्रिया अदा किया और इसमें शामिल नेताओं को न्याय के कटघरे में खड़ा करने पर बल दिया।

रूसी राष्ट्रपति का कहना था कि देश को घातक और विनाशकारी परिणामों से बचाने वाले शहीद नायक पायलटों के साहस और बलिदान के हम आभारी हैं।

इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है कि बग़ावत को कुचलने में कितने पायलटों की मौत हुई और कितने एयरक्राफ़्ट मार गिराए गए।

राष्ट्रपति पुतिन का कहना थाः मैं उन सभी सैनिकों और ख़ुफ़िया सेवा कर्मचारियों को धन्यवाद देता हूं, जो विद्रोहियों के रास्ते में दीवार बनकर खड़े हो गए।

उन्होंने बेलारूस के राष्ट्रपति अलैक्ज़ैंडर लूकाशेंकोव का भी शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने वागनर के चीफ़ येवगेनी प्रिगोज़िन को विद्रोह की समाप्ति के लिए राज़ी किया।

हालांकि पुतिन ने आम वागनर सैनिकों को देशभक्त बताया और कहा कि उन्हें रूसी सेना में भर्ती होने या अपने घर लौटने की अनुमति होगी।

रूसी राष्ट्रपति का कहना था कि हम जानते हैं कि वागनर के अधिकांश लड़ाके और कमांडर देश भक्त हैं। अपने लोगों और राज्य के प्रति वफ़ादार हैं। उन्होंने युद्ध के मैदान पर अपने साहस से यह साबित किया है।

हालांकि अपने संबोधन में पुतिन ने कहीं भी वागनर समूह के प्रमुख येवगेनी प्रिगोज़िन का नाम नहीं लिया। msm