पुतीन ने लिया बड़ा फ़ैसला, नाटो की बढ़ी धड़कनें
(last modified Sat, 05 Aug 2023 12:08:26 GMT )
Aug ०५, २०२३ १७:३८ Asia/Kolkata
  • पुतीन ने लिया बड़ा फ़ैसला, नाटो की बढ़ी धड़कनें

यूक्रेन के साथ पिछले क़रीब डेढ़ साल से जंग लड़ रहे रूस ने इस महायुद्ध के लिए अपने ख़ज़ाने का मुंह खोल दिया है। रूस ने साल 2023 के लिए अपने रक्षा ख़र्च को संशोधित करके उसे दोगुना कर दिया है। अब रूस का रक्षाख़र्च 100 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। यह उसके कुल सार्वजनिक ख़र्च का एक तिहाई है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतीन ने अपने एक बड़े फ़ैसले में रूस का रक्षा बजट को दोगुना कर दिया है। रूस ने यह ख़र्च ऐसे समय पर बढ़ाया है जब यूक्रेन युद्ध में ख़र्च लगातार बढ़ता ही जा रहा है। इससे रूस की वित्‍तीय सेहत पर काफ़ी असर पड़ा है। वहीं रूस के इस ऐलान से नाटो देशों की टेंशन बढ़ गई है। साल 2023 के पहले 6 महीने में रूस ने मूल लक्ष्‍य के मुक़ाबले 12 प्रतिशत ज़्यादा रक्षा पर ख़र्च किया है। रूसी सरकार की योजना है कि कुल फंड का 17.1 प्रतिशत 'नेशनल डिफेंस' के लिए ख़र्च किया जाए। युद्ध में बढ़ते ख़र्च ने रूस की अर्थव्‍यवस्‍था को गति दिया है और औद्योगिक उत्‍पादन तेज़ी से बढ़ा है। हालांकि निर्यात कम होने की वजह से रूस का बजट घाटा बढ़कर 28 अरब डॉलर हो गया है। रूस अब रक्षा पर ज़्यादा ख़र्च कर रहा है जिससे उसका यह घाटा और अधिक बढ़ने जा रहा है। यूक्रेन युद्ध की वजह से रूस को स्‍कूल, अस्‍पताल और आधारभूत ढांचा परियोजनाओं पर ख़र्च को घटाना पड़ रहा है। रूस अब अपने हथियारों के निर्माण दर को बढ़ा रहा है। रूस के इस ऐलान से नाटो देशों की टेंशन बढ़ गई है। नाटो देशों के हथियारों का भंडार खाली हो रहा है। अमेरिका ने तो यूक्रेन को इसके लिए सुना भी दिया था। अब तक नाटो देश अरबों डॉलर के हथियारों की मदद कर चुके हैं। इस बीच रूसी अधिकारियों ने शनिवार को दावा किया कि यूक्रेनी ड्रोन हमले में क्रीमिया प्रायद्वीप के पास केर्च जलडमरूमध्य में एक टैंकर क्षतिग्रस्त हो गया है।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतीन।

रूस की समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, क्रीमिया के प्रमुख के रूस द्वारा नियुक्त सलाहकार ओलेग क्रायचकोव ने कहा कि शुक्रवार देर रात केर्च शहर के निवासियों ने विस्फोटों की आवाज़ सुनी। अपनी ओर से, नोवोरोसिस्क के समुद्री बचाव समन्वय केंद्र ने कहा कि तेज़ आवाज़ें रूस और क्रीमिया के बीच संकीर्ण समुद्री मार्ग, केर्च जलडमरूमध्य में यूक्रेनी सशस्त्र बलों द्वारा रूसी ध्वज वाले टैंकर पर हमले का परिणाम थीं। इसमें कहा गया, 'एक टैंकर का इंजन कक्ष क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि इसके चालक दल सुरक्षित हैं। आपातकालीन स्थिति में दो टगबोट पहुंचीं।' हमले के परिणामस्वरूप, वाहनों का यातायात अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया था, लेकिन यह फिर से शुरू हो गया है। ज़ापोरीज़िया सैन्य-नागरिक प्रशासन के एक वरिष्ठ रूसी-नियुक्त अधिकारी व्लादिमीर रोगोव ने दावा किया कि यूक्रेन ने टैंकर को निशाना बनाने के लिए समुद्री ड्रोन का इस्तेमाल किया था। ग़ौरतलब है कि नौसेना ड्रोन, या समुद्री ड्रोन, छोटे, मानवरहित जहाज़ हैं, जो पानी की सतह पर या उसके नीचे काम करते हैं। कथित हमले पर यूक्रेन ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। (RZ)

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें