न्यूयॉर्क, मार्च टू एंड फ़ॉसिल फ्यूल्स रैली में प्रदर्शकारियों की चेतावनी
संयुक्त राष्ट्र महासभा के उद्घाटन से पहले जलवायु परिवर्तन के ख़िलाफ़ तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर अमरीका के न्यूयॉर्क शहर में हज़ारों लोगों ने रैली में भाग लिया।
लगभग 700 संगठनों और कार्यकर्ता समूहों ने रविवार को आयोजित हुई इस विशाल रैली में भाग लिया। रैली में प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मानवता का भविष्य, जीवाश्म ईंधन की समाप्ति पर निर्भर है।
प्रदर्शनकारियों ने अपने हाथों में ऐसे प्लेकार्ड उठा रखे थे, जिन पर लिखा थाः जीवाश्म ईंधन हमारी मौत बन रहा है, और हमने आग और बाढ़ के लिए वोट नहीं किया है।
कई लोगों ने अपना ग़ुस्सा सीधे अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडन पर निकाला, जो अगले साल फिर से चुनाव में राष्ट्रपति के दावेदार होंगे।
प्रदर्शनकारियों ने बाइडन से नई तेल और गैस परियोजनाओं को मंज़ूरी नहीं देने, वर्तमान परियोजनाओं को चरणबद्ध करने और बड़ी कार्यकारी शक्तियों के साथ जलवायु आपातकाल घोषित करने का आग्रह किया।
युवा संगठन फ्राइडेज़ फ़ॉर फ़्यूचर की 17 वर्षीय एम्मा ब्यूरेटा का कहना थाः हमारे पास लोगों की शक्ति है, वह शक्ति जो आपको इस चुनाव को जीतने के लिए चाहिए। अगर आप 2024 में जीतना चाहते हैं, अगर आप नहीं चाहते कि आपके हाथ मेरी पीढ़ी के ख़ून से नहीं रंगे हों, तो जीवाश्म ईंधन को समाप्त करने के लिए क़दम उठाएं।
रैली को मार्च टू एंड फ़ॉसिल फ्यूल्स नाम दिया गया था। आयोजकों का अनुमान है कि रविवार के कार्यक्रम में लगभग 75,000 लोग शामिल हुए। msm