जापानियों के जख़्म पर ओबामा का नमक छिड़कना
https://parstoday.ir/hi/news/world-i12847-जापानियों_के_जख़्म_पर_ओबामा_का_नमक_छिड़कना
जापान के शहर हिरोशिमा पर अमरीका द्वारा इतिहास की सबसे भयानक बमबारी की घटना के 25 हज़ार 841 दिन गुज़रने के बाद अमरीकी राष्ट्रपति ने हिरोशिमा में उस स्थान पर फूल चढ़ाए जहां इस घटना की याद मनायी जाती है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
May २८, २०१६ १६:०२ Asia/Kolkata

जापान के शहर हिरोशिमा पर अमरीका द्वारा इतिहास की सबसे भयानक बमबारी की घटना के 25 हज़ार 841 दिन गुज़रने के बाद अमरीकी राष्ट्रपति ने हिरोशिमा में उस स्थान पर फूल चढ़ाए जहां इस घटना की याद मनायी जाती है।


 वह पहले अमरीकी राष्ट्रपति है जिन्होंने 70 साल बाद हिरोशीमा का दौरा किया। उन्होंने हिरोशीमा घटना पर माफ़ी मांगने के बजाए यह कहा कि आसमान से मौत उतरी और दुनिया बदल गयी।

मानव इतिहास भयानक जनसंहार की घटनाओं से भरा पड़ा है। इसके बावजूद शायद ही जनसंहार की ऐसी घटना हो जिसमें कुछ मिनट में एक घनी आबादी वाले शहर के निवासी मौत के मुंह में चले गए जैसा कि 6 अगस्त 1945 को हिरोशीमा पर बमबारी में हुआ। इस दिन अमरीकी बमवर्षक विमान ने लिटिल बॉय नामक सबसे विनाशकारी परमाणु बम गिराया जिसके नतीजे में लगभग 1 लाख 40 हज़ार लोग मौत के मुंह में समा गए।

द्वितीय विश्व युद्ध का ज्ञान रखने वाले ज़्यादातर इतिहासकारों का यह मानना है कि जापान के दो शहर हिरोशिमा और नागासाकी पर परमाणु बमबारी की ज़रूरत नहीं थी बल्कि जापान बिना बमबारी के हथियार रख देता।

इतिहास में अनेक निर्णायक मोड़ मौजूद हैं। इन निर्णायक मोड़ में से एक 6 अगस्त 1945 का दिन है। इस दिन की सुबह तक दुनिया कई बड़ी शक्तियों के बीच बराबर से बटी हुयी थी। ये वे शक्तियां थीं जो इस विशाल धरती के बड़े भाग पर क़ब्ज़ा करने के लिए एक दूसरे से ज़ोर आज़मायी कर रही थीं। छह अगस्त की सुबह 8 बजकर 15 मिनट पर हिरोशीमा शहर पर परमाणु बमबारी से दुनिया बदल गयी। अमरीका ने अपनी इस बमबारी से दुनिया को एकध्रुवीय बना दिया। यहां तक कि इस घटना के चार साल बाद पूर्व सोवियत संघ ने पहला परमाणु टेस्ट किया। उस समय से अब तक दुनिया पर परमाणु युद्ध का ख़तरा बाक़ी है।

जैसे जैसे हिरोशिमा पर परमाणु बमबारी का समय गुज़र रहा है यह बात और स्पष्ट होती जा रही है कि अमरीका ने पेन्डोरा बॉक्स खोल कर न सिर्फ़ कई लाख जापानियों की जान ली बल्कि पूरी दुनिया के लिए मुसीबत को जन्म दिया है।(MAQ/T)