नवाज़ शरीफ़ की अयोग्यता की याचिका चुनाव आयोग में
पाकिस्तान पीपल्ज़ पार्टी ने पनामा लीक्स में प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ के परिवार के लोगों का नाम आने के बाद नवाज़ शरीफ़ और शहबाज़ शरीफ़ सहित पांच सांसदों को अयोग्य घोषित किए जाने से संबंधित याचिका चुनाव आयोग में दायर की है।
याचिका में इन दोनों के अलावा केन्द्रीय वित्त मंत्री इसहाक़ डार, नवाज़ शरीफ़ के दामाद कैप्टन सफ़दर और हमज़ा शहबाज़ के नाम भी शामिल हैं।
एक हज़ार से अधिक पन्नों पर आधारित यह याचिका पीपल्ज़ पार्टी के महासचिव सरदार लतीफ़ खोसा की ओर से सोमवार को चुनाव आयोग में दायर की गई है। याचिका में प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ के सन 1985 से लेकर सन 2013 तक चुनाव आयोग में संपत्ति का ब्योरा भी शामिल किया गया है।
याचिका में नवाज़ शरीफ़ और शहबाज़ शरीफ़ के विरुद्ध मुक़द्दमों और उनमें होने वाली जांच को भी संलग्न किया गया गया है।
याचिका में कहा गया है कि शरीफ़ बंधुओं ने न केवल अपनी संपत्ति चुनाव आयोग के सामने ज़ाहिर नहीं की बल्कि तथ्यों को भी छिपाया है इस लिए वह सच्चे और अमानतदार नहीं रहे अतः इन लोगों को अयोग्य घोषित किया जाए।
चुनाव आयोग के बाहार मीडिया से बातचीत में सरदार लतीफ़ खोसा ने कहा कि उनकी पार्टी ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध दृष्टिकोण अपनाया है और आशा है कि देशा की जनता साथ देगी। उन्होंने कहा कि यदि पनामा लीक्स में पीपल्ज़ पार्टी के नेताओं के नाम हैं तो उनके विरुद्ध भी कार्यवाही की जाए।
ज्ञात रहे कि पाकिस्तान तहरीके इंसाफ़ पार्टी ने भी प्रधानमंत्री को अयोग्य घोषित किए जाने की याचिता पहले ही चुनाव आयोग में दाख़िल कर रखी है।