विश्व क़ुद्स दिवस का विदेशी मीडिया द्वारा कवरेज
https://parstoday.ir/hi/news/world-i16483-विश्व_क़ुद्स_दिवस_का_विदेशी_मीडिया_द्वारा_कवरेज
मुसलमानों के क़िबलए अव्वल मस्जिदुल अक़्सा की आज़ादी, फ़िलिस्तीन से इस्राईल के अतिग्रहण के अंत, ग़ज़्ज़ा में ज़ायोनी शासन के अपराध की निंदा और फ़िलिस्तीन की पीड़ित जनता के समर्थन में शुक्रवार को विश्व क़ुद्स दिवस के आयोजन को दुनिया के मीडिया में व्यापक कवरेज मिला।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul ०२, २०१६ १४:४७ Asia/Kolkata

मुसलमानों के क़िबलए अव्वल मस्जिदुल अक़्सा की आज़ादी, फ़िलिस्तीन से इस्राईल के अतिग्रहण के अंत, ग़ज़्ज़ा में ज़ायोनी शासन के अपराध की निंदा और फ़िलिस्तीन की पीड़ित जनता के समर्थन में शुक्रवार को विश्व क़ुद्स दिवस के आयोजन को दुनिया के मीडिया में व्यापक कवरेज मिला।

ईरान सहित दूसरे मुसलमान देशों और यूरोप तथा उत्तरी अमरीका के कई देशों में पवित्र रमज़ान के अंतिम शुक्रवार को जनता सड़कों पर आयी और एक बार फिर ज़ायोनी शासन के फ़िलिस्तीन पर अतिग्रहण के ख़िलाफ़ आवाज़ बुलंद की।

सीएनएन चैनल ने तेहरान से अपने सजीव प्रसारण में कहा कि क़ुद्स दिवस पर तेहरान में जनता के बहुत बड़े वर्ग ने भाग लिया।

तेहरान से फ़्रांस प्रेस ने रिपोर्ट दी कि ग़ज़्ज़ा में फ़िलिस्तीन की जनता के ख़िलाफ़ इस्राईल के घातक हमलों के कारण शुक्रवार को ईरानी जनता ने पूरे देश में फ़िलिस्तीनियों के समर्थन में प्रदर्शन किया।

ज़ायोनी अख़बार इस्राईल टाइम्ज़ ने लिखा कि ईरान ने क़ुद्स दिवस मनाने के लिए इस्राईल के ख़िलाफ़ वार्षिक रैली निकाली। प्रदर्शन में लोगों ने इस्राईल के ध्वज को आग लगायी और इस्राईल के अंत की मांग की।

फ़्रांसीसी चैनल 24 ने अपनी वेबसाइट पर लिखा कि इस साल का विश्व क़ुद्स दिवस का आयोजन ग़ज़्ज़ा पट्टी में इस्राईल की सैन्य कार्यवाही के 18 दिन होने के मद्देनज़र, अधिक व्यापक था।

अलजज़ीरा के अंग्रेज़ी भाषी चैनल ने रिपोर्ट दी कि तेहरान में फ़िलिस्तीनियों के समर्थन में दस लाख लोगों रैलियों में भाग लिया।

अलमयादीन टीवी चैनल ने विश्व क़ुद्स दिवस की रैली में तेहरान सहित दूसरे ईरानी शहरों में ईरानी जनता की उपस्थिति को अभूतपूर्व बताया।

समाचार एजेंसी शेन हुआ ने तेहरान से रिपोर्ट में लिखा कि लाखों की संख्या में ईरानी जनता ने शुक्रवार को विश्व क़ुद्स दिवस की रैली में हिस्सा लेकर इस्राईल द्वारा फ़िलिस्तीनियों की भूमि के अतिग्रहण की भर्त्सना की।

ज़ायोनी अख़बार हआरेत्ज़ ने इस्राईल के दूसरे अख़बारों की तरह, विश्व क़ुद्स दिवस की रैली को कवरेज दिया।

असोशिएटेड प्रेस ने तेहरान में अपने संवाददाता के हवाले से रिपोर्ट दी कि ईरानियों ने पूरे देश में इस्राईल के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया। (MAQ/T)