यमन पर सऊदी अरब के हवाई हमले, 21 हताहत 17 घायल
यमन पर सऊदी अरब का अतिक्रमण जारी है। मंगलवार तड़के सऊदी युद्धक विमानों ने ईंधन के 2 टैंकरों पर बमबारी की जिसमें एक व्यक्ति हताहत और एक अन्य घायल हुआ।
अलमसीरा टीवी चैनल के अनुसार, सऊदी युद्धक विमानों ने उत्तरी यमन के हदीदा प्रांत के सलीफ़ पास पर इन टैंकरों पर बमबारी की।
इसके अलावा सऊदी युद्धक विमानों ने जौफ़ प्रांत के मसलूब सेक्टर और तइज़ प्रांत के मख़ा और वाज़ेइया सेक्टरों पर कई बार बमबारी की।
इस बीच यमन अलयौम वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को सऊदी युद्धक विमानों ने तइज़ प्रांत के मख़ा सेक्टर के जबल नार इलाक़े पर बमबारी की जिसमें 20 बेगुनाह लोग हताहत और 16 अन्य घायल हुए।
ज्ञात रहे यमन के पूर्व फ़रारी राष्ट्रपति अब्द रब्बोह मंसूर हादी को सत्ता में वापस लाने और इस देश के जनांदोलन अंसारुल्लाह को कमज़ोर करने के लिए यमन पर 26 मार्च 2015 से सऊदी अरब का अतिक्रमण जारी है।
यमन पर सऊदी अरब के हमलों में अब तक 9400 से ज़्यादा बेगुनाह नागरिक हताहत और कम से कम 16000 लोग घायल हुए हैं। इन हमलों में यमन की लगभग 80 फ़ीसद मूल संरचनाएं तबाह हो गयी हैं जिनमें अस्पताल, स्कूल, कारख़ाने और सड़कें शामिल हैं। (MAQ/N)