गूलन अमरीका में क़ानूनी तौर पर रह रहे हैं, वाइट हाउस
अमरीकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि तुर्क सरकार के विरोधी नागरिक फ़त्हुल्लाह गूलन अमरीका में क़ानूनी तौर पर रह रहे हैं।
मार्क टोनर ने मंगलवार को वॉशिंग्टन में एक इंटर्व्यू में फ़त्हुल्लाह गूलन के बारे में अमरीका के रुख़ और अमरीका में गूलन की गतिविधियों के स्वरूप के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि यह ज़रूरी नहीं है कि तुर्की की घटनाओं में गूलन की भागीदारी और गतिविधियों के स्वरूप के बारे में स्पष्टीकरण दिया जाए क्योंकि इस समय गूलन अमरीका में क़ानूनी तौर पर रह रहे हैं।
अमरीकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि गूलन, पिन्सिलवेनिया में रह रहे हैं और विभिन्न प्रकार की गतिविधियों में व्यस्त हैं। मार्क टोनकर ने कहा कि गूलन के पास अमरीकी ग्रीनकार्ड है।
मार्क टोनर ने इस सवाल पर कि क्या वॉशिंग्टन, गूलन को एक राजनैतिक शरणार्थी मानता है, कहा कि राजनैतिक शरण की अपनी एक परिभाषा है जबकि गूलन ने कभी भी शरण नहीं मांगी।
उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि तुर्की में गूलन का नाम हर जगह सुनने में आता है और कुछ लोग तुर्की में उनका अनुसरण करते हैं, कहा कि अमरीका की नज़र में गूलन ने कोई ग़ैर क़ानूनी काम नहीं किया है।
अमरीकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस सवाल पर कि क्या तुर्क सरकार ने इस देश के विफल सैन्य विद्रोह में गूलन की संलिप्तता पर आधारित कोई सुबूत अमरीका को पेश किए हैं, कहा कि इस बारे में कुछ दस्तावेज़ आए है जिनकी समीक्षा जारी है किंतु इस प्रक्रिया में लंबा समय लगेगा। (MAQ/N)