नीस घटना में पांच लोगों का सहयोग
फ़्रांसीसी अधिकारियों का कहना है कि नीस नगर में होने वाला हमला, पूर्व नियोजित था जिसकी योजना महीनों पहले बनाई गई थी।
फ़्रांसीसी समाचारपत्र लोफ़ीगारों के अनुसार यह बात अभियोजक फ्रांस्वा मोलिन्स ने गुरूवार को शाम को बताई। उन्होंने कहा कि नीस घटना के संबन्ध में कुछ प्रगति हुई है। फ़्रांसा मोलिन्स ने बताया कि जो प्रमाण हमारे हाथ लगे हैं उनसे पता चलता है कि नीस घटना की योजना काफ़ी पहले बनाई गई थी। उनका कहना था कि मुख्य आरोपी मुहम्मद लाहवीज के अतिरिक्त 5 अन्य लोगों की भी नीस घटना में भूमिका रही है। इन पांचों लोगों को गिरफ़्तार कर लिया गया। इनमें एक महिला भी है। इन पांचों संदिग्धों को गुरुवार देर रात आतंकवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई करने वाले जजों के सामने पेश किया गया और उनके खिलाफ आरोप लगाए गए।
ज्ञात रहे कि ट्यूनीशियन मूल के फ़्रांसीसी मुहम्मद लाहवीज ने बास्तील दिवस पर नीस नगर में आतिशबाजी प्रदर्शन का आनंद ले रही भीड़ पर ट्रक से हमला कर दिया था। इस हमले में 84 लोग मारे गए और 200 अन्य घायल हो गए थे।