अर्दोग़ान ने फिर की अमरीका से गूलन के प्रत्यर्पण की मांग
तुर्की के राष्ट्रपति ने अमरीका से फत्हुल्लाह गूलन के प्रत्यर्पण की पुनः मांग की है।
रजब तैयब अर्दोग़ान ने कहा है कि फत्हुल्लाह गूलन को हमारे हवाले किया जाए। उन्होंने कहा कि गूलन, तुर्की में रक्तपात का कारण बने हैं।
तुर्की की सरकार इससे पहले भी अमरीका से गूलन के प्रत्यर्पण की मांग कर चुकी है। वाशिंग्टन का कहना है कि पहले प्रत्यर्पण के क़ानून की समीक्षा की जाएगी उसके बाद इस बारे में कोई फैसला लिया जा सकता है। इसके साथ ही अमरीकी अधिकारियों का कहना है कि फ़िलहाल तुर्की के अनुरोध के बारे में वे कोई निर्णय नहीं ले सकते।
ज्ञात रहे कि हिज़मत आन्दोलन के नेता गूलन, अमरीका में निर्वासन का जीवन व्यतीत कर रहे हैं। तुर्की के अधिकारियों का कहना है कि देश में होने वाले विफल सैन्य विद्रोह के पीछे फत्हुल्लाह गूलन का हाथ था जबकि वे इस आरोप का खण्डन करते हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले मिस्री संसद की ओर से यह कहा जा चुका है कि फ़त्हुल्लाह गूलन यदि मिस्र में पनाह लेने के इच्छुक हैं तो इस बारे में उनकी मदद की जा सकती है।