अमरीकी विदेश मंत्रालय के बयान पर पाकिस्तान की प्रतिक्रिया
आतंकवाद से संघर्ष के बारे में अमरीकी विदेशमंत्रालय के बयान पर पाकिस्तान ने इसकी आलोचना की है।
पाकिस्तान के विदेशमंत्रालय ने घोषणा की है कि आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष में इस्लामाबाद, बहुत गंभीर रहा है।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि हमने आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष में कभी भी वैकल्पिक रूप में कार्यवाही नहीं की है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से जारी आतंकवाद विरोधी अभियान में हज़ारों आतंकवादी मारे गए जबकि उनके सैकड़ों अडडों को नष्ट कर दिया गया।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारत नियंत्रित कश्मीर में भारतीय सुरक्षाबलों द्वारा की जा रही कार्यवाही पर अमरीका ने मौन धारण कर रखा है।
ज्ञात रहे कि अभी हाल ही में अमरीकी विदेश उपमंत्री ने कहा था कि आतंकवाद के बारे में पाकिस्तान गंभीर नहीं है। इसी बात के दृष्टिगत अमरीका ने पाकिस्तान की सैन्य सहायता रोक दी है। उल्लेखनीय है कि पेंटागन के प्रवक्ता ने बुधवार को कहा था कि वर्तमान समय में अमरीकी रक्षामंत्रालय, पाकिस्तान को 300 मिलयन डालर या 30 करोड़ डालर नहीं दे सकता। एडम स्टंप ने कहा कि इसका मुख्य कारण यह है कि हक़्क़ानी गुट के विरुद्ध संघर्ष में पाकिस्तान ने कोई कार्यवाही नहीं की है।