पूर्वी यूरोप की ओर नैटो के विस्तार पर लावरोफ़ की चेतावनी
https://parstoday.ir/hi/news/world-i20719-पूर्वी_यूरोप_की_ओर_नैटो_के_विस्तार_पर_लावरोफ़_की_चेतावनी
रूस के विदेश मंत्री सेर्गेई लावरोफ़ ने एक बार फिर पूर्वी यूरोप की ओर नैटो के विस्तार के बारे में चेतावनी देते हुए कहा है कि इससे क्षेत्र में तनाव बढ़ जाएगा।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug १५, २०१६ १५:२८ Asia/Kolkata

रूस के विदेश मंत्री सेर्गेई लावरोफ़ ने एक बार फिर पूर्वी यूरोप की ओर नैटो के विस्तार के बारे में चेतावनी देते हुए कहा है कि इससे क्षेत्र में तनाव बढ़ जाएगा।

इससे पहले नैटो में रूस के प्रतिनिधि अलेग्ज़ेंडर ग्रोश्कोव ने भी कहा था कि रूस और नैटो के संबंधों की बहाली के लिए रूस की सीमाओं के निकट नैटो की सैन्य गतिविधियों की समाप्ति ज़रूरी है। यूक्रेन संकट के बारे में दोनों पक्षों के मतभेदों और इसी तरह रूस की सीमाओं के निकट नैटो की मौजूदगी के कारण रूस और नैटो के संबंधों में काफ़ी खटास आ गई है। अप्रैल वर्ष 2014 में एक जनमत संग्रह के बाद क्रीमिया प्रायद्वीप के रूस में विलय के बाद नैटो ने रूस से अपने संबंधों को स्थगित कर दिया। रूस ने भी पूर्वी यूरोप में नैटो की सैन्य कार्यवाहियों पर प्रतिक्रिया जताते हुए अपनी पश्चिमी व दक्षिणी सीमाओं पर अपनी सैन्य उपस्थिति बढ़ा दी।

 

नैटो की ओर से पूर्वी यूरोप में अपने सैनिकों को स्थायी रूप से तैनात न करने के वर्ष 1997 के समझौते का उल्लंघन इस बात का कारण बना है कि रूस भी पूर्वी यूरोप के निकट अपनी पश्चिमी सीमाओं पर अपनी सैन्य उपस्थिति बढ़ा दे। इसी के साथ रूस ने नैटो से मुक़ाबले के लिए उठाए जाने वाले अपने ताज़ा क़दम के अंतर्गत कहा है कि पू्र्वी यूरोप में नैटो की बढ़ती सैन्य गतिविधियों, यूक्रेन की स्थिति और काॅकेशिया के क्षेत्र में बढ़ती आतंकी गतिविधियों के दृष्टिगत उसने एक विशेष सैन्य इकाई गठित की है। रूस के रक्षा मंत्री शोइगो ने जुलाई में कहा था कि इस विशेष सैन्य इकाई को हर प्रकार के विकसित सैन्य उपकरणों से लैस किया गया है। (HN)