पुतीन व अर्दोग़ान की मुलाक़ात, सीरिया संकट पर बात-चीत
रूस व तुर्की के राष्ट्राध्यक्षों ने चीन में जी-20 के सम्मेलन के अवसर पर मुलाक़ात करके विभिन्न मुद्दों पर बात की है।
विलादिमीर पुतीन और रजब तैयब अर्दोग़ान ने इस मुलाक़ात में सीरिया संकट और आर्थिक सहयोग के बारे में वार्ता की। पुतीन ने कहा कि हम तुर्की के साथ राजनैतिक संबंध सामान्य होने का स्वागत करते हैं और इस समय तुर्की को जिन कठिन परिस्थितियों का सामना है और आतंकवाद से संघर्ष में वह जो प्रयास कर रहा है उसे समझते हैं। उन्होंने कहा कि तुर्की के साथ संबंधों की बहाली के बाद हम व्यापक रूप से अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं।
इस मुलाक़ात में तुर्की के राष्ट्रपति ने भी कहा कि सेंट पीटर्ज़बर्ग में रूस के राष्ट्रपति से उनकी पिछली मुलाक़ात में जिन विषयों पर बात हुई थी हम उन्हें आगे बढ़ाएंगे। अर्दोग़ान ने कहा कि हमने ऊर्जा के क्षेत्र में जो क़दम उठाए हैं उन्हें अधिक तेज़ी से आगे बढ़ाया जाएगा। ज्ञात रहे कि चीन के हांगझोउ शहर में जी-20 का दो दिवसीय शिखर सम्मेलन रविवार से आरंभ हो गया है। (HN)