पाकिस्तान पहले मज़बूत था अब अजेय बन चुका है,
https://parstoday.ir/hi/news/world-i22816-पाकिस्तान_पहले_मज़बूत_था_अब_अजेय_बन_चुका_है
पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ़ ने कहा कि पाकिस्तान पहले मज़बूत था अब अजेय बन चुका है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Sep ०७, २०१६ ०४:१५ Asia/Kolkata
  • पाकिस्तान पहले मज़बूत था अब अजेय बन चुका है,

पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ़ ने कहा कि पाकिस्तान पहले मज़बूत था अब अजेय बन चुका है।

6 सितम्बर को पाकिस्तान में मनाए जाने वाले राष्ट्रीय रक्षा दिवस के अवसर पर जनरल राहील शरीफ़ ने जनरल हेडक्वार्टर्ज़ रावलपिंडी में एक समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पाकिस्तान पिछले कई सालों से ग़ैर पारम्परिक युद्ध का शिकार रहा था लेकिन जनता और सेना ने भरपूर रक्षा की।

सेना प्रमुख ने कहा कि सितंबर की लड़ाई हमारे इतिहास का प्रकाशमय अध्याय है, शहीदों की बदौलत आज हम आज़ाद और प्रतिष्ठित देश में रह रहे हैं। उन्होंने कह कि यह द न पाकिस्तान के इतिहास का प्रकाशमान दिन बन चुका है।

जनरल राहील शरीफ़ ने कहा कि कई साल पहले हम रोज़ाना के आधार पर आतंकी हमलों का शिकार थे लेकिन दो साल पहले शुरू होने वाले आप्रेशन ज़र्बे अज़्ब में हमने अपना लक्ष्य पूरा कर लिया है।

उन्होंने कहा कि ज़र्बे अज़्ब आप्रेशन की सफलता तीनों सेनाओं के बीच सहयोग का नतीजा है जिसमें 19 हज़ार कार्रवाइयों के ज़रिए सेना के जवानों ने आतंकियों पर क़ाबू पा लिया।

राहील शरीफ़ ने कहा कि हम राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के मामले में किसी भी सीमा तक आगे जा सकते हैं।

राहील शरीफ़ ने जम्मू व कश्मीर की ताज़ा स्थिति के बारे में कहा कि आज़ादी का हक़ मांगने वाले कश्मीरी भयानक सरकारी आतंकवाद का निशाना बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर की आज़ादी के आंदोलन के लिए पाकिस्तान का समर्थन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मैं कश्मीरियों की क़ुरबानियों को सलाम पेश करता हूं।

राहील शरीफ़ ने अफ़ग़ानिस्तान के बारे में कहा कि अफ़ग़ानिस्तान भाई इस्लामी देश है और हम पूरी निष्ठा के साथ अफ़ग़ानिस्तान में शांति की स्थापना के लिए काम कर रहे हैं जबकि स्वार्थी तत्व पाक अफ़ग़ान संबंधों में रुकावट डाल रहे हैं।