तीन लाख सैनिकों की छटनी का चीन में विरोध तेज़
चीन ने अपनी सेना से तीन लाख सैनिकों की छटनी आरंभ कर दी है। चीन के इस निर्णय का चीनी सैनिकों ने विरोध आरंभ कर दया है।
चीन ने सैन्य आधुनिकीकरण के अन्तर्गत लगभग तीन लाख सैनिकों की छंटनी के फैसले पर अमल करना शुरू कर दिया है। इसको लेकर विरोध तेज हो गया है। प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार हज़ारों चीनी सैनिकों ने बीजिंग में चीनी रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शनों से नाराज चीनी सेना ने सुरक्षाबलों में बदलावों को लेकर ऑनलाइन अभियान को लेकर शुक्रवार को चेतावनी दी। सेना ने माना कि अफवाहों से उसकी छवि को नुकसान हुआ है।
23 लाख की भारी-भरकम फौज को सुसंगठित करके चीन अब अधिक मिसाइलें और लड़ाकू विमान सेना में शामिल करने जा रहा है। आधुनिकीकरण की प्रक्रिया के अन्तर्गत सोवियत युग के कमांड मॉड्यूल को बंद किया जाएगा और उनके स्थान पर ध्वनि की गति से तेज और रडार को चकमा देने वाले स्टील्थ फाइटर विमान एवं सैटेलाइट को मार गिराने वाली मिसाइलों को जगह दी जाएगी।
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने जून में कहा था कि सेना को नया स्वरूप दिया जाएगा और हटाए गए सैनिकों को दूसरा काम दिया जाएगा। चीन ने कमजोर आर्थिक विकास और बढ़ते कर्ज को ध्यान में रखते हुए भी यह फैसला लिया है।