उत्तरी कोरिया ने स्वयं को परमाणु संपन्न देश घोषित किया
उत्तरी कोरिया ने सोमवार को एक बार फिर अपने परमाणु व मीज़ाइल हथियारों के विस्तार के कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए स्वयं को परमाणु संपन्न देश बताया है।
उत्तरी कोरिया ने सोमवार को देश में साम्राज्यवाद विरोधी गठबंधन के गठन की 90वीं वर्षगांठ के अवसर पर एक बयान में कहा कि जारी वर्ष में दो परमाणु परीक्षण और कई बैलेस्टिक मीज़ाइलों का प्रक्षेपण, देश के परमाणु संपन्न होने की पुष्टि करता है। बयान में कहा गया है कि वर्ष 1926 में जापानी साम्राज्यवाद से मुक़ाबले के लिए उत्तरी कोरिया के संस्थापक किम इल सोंग द्वारा पहली बार साम्राज्यवाद से संघर्ष का गठबंधन बना। उत्तरी कोरिया पर जापान का साम्राज्य 1910 से 1945 तक था।
पियुंग यांग ने जारी वर्ष में दो बार परमाणु परीक्षण किया और एक लंबी दूरी का राॅकेट फ़ायर किया। वह मार्च से सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव के कारण कड़े प्रतिबंधों का सामना कर रहा है। उत्तरी कोरिया ने इससे पहले 2006, 2009 और 2013 में परमाणु परीक्षण किया था। उत्तरी कोरिया के परमाणु परीक्षण के कारण संयुक्त राष्ट्र संघ सहित विभिन्न देशों की कड़ी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। उत्तरी कोरिया के बयान में उसके परमाणु परीक्षण को देश के विरुद्ध अमरीका की शत्रुतापूर्ण नीतियों का उत्तर बताया गया है। (AK)