तालेबान के विरुद्ध व्यापक अभियान की तैयारी
अफ़ग़ानिस्तान के रक्षामंत्रालय ने कहा है कि देश से तालेबान को समाप्त करने के लिए शफ़क़-2 नामक सैन्य अभ्यास शीघ्र आरंभ होगा।
अफ़़ग़ानिस्तान के रक्षामंत्रालय के प्रवक्ता दौलत वज़ीरी ने बुधवार को अपने एक बयान में कहा कि तालेबान के विरुद्ध देश व्यापी अभियान सर्दी के मौसम में आरंभ कर दिया जाएगा। अफ़ग़ान रक्षामंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि यह आप्रेशन उन प्रांतों में अधिक तेज़ी से हतगा जहां तालेबान का अधिक प्रभाव है।
उनका कहना था कि शीघ्र नये सैन्य उपकरण रक्षामंत्रालय के हवाले किए जाएंगे जिन्हें तालेबान के विरुद्ध कार्यवाहियों में प्रयोग किया जाएगा।
अफ़ग़ानिस्तान के रक्षामंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि तालेबान ने इस साल अफ़ग़ानिस्तान के 8 से 10 प्रांतों पर नियंत्रण करने की योजना बनाई थी किन्तु वह अपनी योजनाओं में सफल नहीं हो सके। दौलत वज़ीरी ने कहा कि तालेबान के लोग कोयटा शूरा को अफ़ग़ानिस्तान के हेलमंद प्रांत स्थानांतरित करना चाहते थे किन्तु उन्हें इसमें सफलता नहीं मिली।
उन्होंने कहा कि अफ़ग़ान सैनिकों ने पिछले दो वर्षों के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सफलताएं अर्जित की हैं। ज्ञात रहे कि कोयटा शूरा तालेबान की सबसे प्रभावी परिषद है और तालेबान के अधिकतर महत्वपूर्ण फ़ैसले यही परिषद करती है। (AK)