तालेबान गुट ने बगराम एयर बेस पर हमले की ज़िम्मेदारी ली
Nov १२, २०१६ ०९:३८ Asia/Kolkata
तालेबान गुट ने अफ़ग़ानिस्तान के परवान प्रांत में अमरीकी सैनिकों की बगराम हवाई छावनी में धमाके की ज़िम्मेदारी स्वीकार की है।
तालेबान गुट के एक आतंकी ने शनिवार की सुबह बगराम एयर बेस में बड़ी मात्रा में विस्फोटकों के साथ ख़ुद को उड़ा लिया। तालेबान गुट के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने दावा किया है कि इस धमाके में 23 अमरीकी सैनिक हताहत और 44 अन्य घायल हो गए। उन्होंने कहा कि मारे जाने वालों में कई उच्च सैन्य अधिकारी भी शामिल हैं।
यह धमाका बगराम एयर बेस में स्थानीय समय के अनुसार सुबह पांच बजे हुआ। परवान प्रांत के पुलिस प्रमुख मुहम्मद ज़मान ममोज़ी ने कहा है कि इस घटना में तीन लोग हताहत और 15 घायल हुए हैं। अमरीका के सैन्य सूत्रों ने अब तक इस घटना के संबंध में कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की है। (HN)
टैग्स