इराक़ युद्ध की ग़लतियों से दाइश अस्तित्व में आया,
अमरीका के राष्ट्रपति बाराक ओबामा ने कहा कि इराक़ पर अमरीका का हमला आतंकी संगठन दाइश के अस्तित्व में आने का एक कारण था। ओबामा ने फ़्लोरीडा में आतंकवाद से मुक़ाबले के विषय में आयोजित सम्मेलन में अपने भाषण में कहा कि अमरीका ने इराक़ के शासक सद्दाम हुसैन को सत्ता से हटाने के समय जो ग़लतियां कीं उनके चलते दाइश संगठन अस्तित्व में आया।
राष्ट्रीय सुरक्षा पर राष्ट्रपति की हैसियत से अपने अंतिम भाषण में ओबामा ने कहा कि हमने वर्ष 2003 में की गई ग़लतियों को न दोहराने का निर्णय किया है।
ओबामा ने अफ़ग़ानिस्तान के बारे में कहा कि अमरीका इस देश में शांति की स्थापना में सहयोग कर सकता है लेकिन उसके पास तालेबान को ख़त्म कर देने की शक्ति नहीं है।
अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान की स्थिति जटिल है और इस देश में तीस साल से युद्ध जारी है, हम तालेबान को ख़त्म करके युद्ध नहीं रुकवा सकते लेकिन हमारे पास यह क्षमता है कि अलक़ायदा को गुप्त ठिकाने चलाने से रोकें और शांति की स्थापना के संबंध में अफ़ग़ान बलों के साथ सहयोग करें।
अमरीकी राष्ट्रपति ओबामा ने इसी तरह कहा कि मध्यपूर्व के क्षेत्र में चरमपंथ से लड़ने के लिए कई पीढ़ियों के संघर्ष की ज़रूरत है। ओबामा ने कहा कि हमें सफलताएं मिल रही हैं लेकिन यह आतंकवाद को समूल ख़त्म कर देने से अलग चीज़ है।
ओबामा ने यह भी कहा कि आतंकियों से अमरीका को प्रत्यक्ष रूप से कोई गंभीर ख़तरा नहीं है और आतंकियों की शक्ति बयान करते समय अतिशयोक्ति की ग़लती नहीं करनी चाहिए।