गिरजाघरों पर हो सकते हैं हमलेः एफबीआई की चेतावनी
अमरीका की आंतरिक सुरक्षा सेवा एफबीआई ने नववर्ष की छुट्टियों में आतंकवादी हमलों की संभावना व्यक्त की है।
अमरीका के संघीय अधिकारियों ने स्थानीय कानून प्रवर्तन विभाग को सचेत किया है कि आतंकवादी संगठन दाइश, देश में गिरजाघरों सहित छुट्टियों के दौरान घूमने की जगहों को निशाना बना सकते हैं।
सीएनएन के अनुसार अमरीकी संघीय जांच ब्यूरो एफबीआई और वहां के गृहसुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को स्थानीय प्रवर्तन विभाग को एक बुलेटिन जारी करके कहा है कि नव वर्ष की छुट्टियों के दौरान देश के भीतर गिरजाघरों सहित सार्वजनिक स्थलों पर आतंकवादी आक्रमण हो सकते हैं।
एफबीआई की ओर से यह बुलेटिन दाइश की वेबसाइट पर अमेरिका के गिरजाघरों की सूची जारी होने के बाद एहतियातन जारी किया गया है।
सीएनएन ने बुलेटिन का हवाला देते हुए बताया है कि दाइश, पर्यटन स्थलों और गिरजाघरों पर हमले के लिए अपने साथियों को उकसा रहे हैं। बुलेटिन में संदिग्ध गतिविधियों के विभिन्न प्रकार के संकेतों का उल्लेख करते हुए पुलिस को सतर्क रहने को कहा गया है।