तालेबान का दावा और अफ़ग़ान रक्षा मंत्रालय की सफ़ाई
https://parstoday.ir/hi/news/world-i33112-तालेबान_का_दावा_और_अफ़ग़ान_रक्षा_मंत्रालय_की_सफ़ाई
अफ़ग़ानिस्तान के रक्षामंत्रालय के प्रवक्ता ने देश के चालीस से अधिक शहरों पर तालेबान के दावे को निराधार बताया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan ०२, २०१७ १७:०८ Asia/Kolkata
  • तालेबान का दावा और अफ़ग़ान रक्षा मंत्रालय की सफ़ाई

अफ़ग़ानिस्तान के रक्षामंत्रालय के प्रवक्ता ने देश के चालीस से अधिक शहरों पर तालेबान के दावे को निराधार बताया है।

तस्नीम न्यूज़ एजेन्सी की रिपोर्ट के अनुसार, अफ़ग़ान रक्षामंत्रालय के प्रवक्ता दौलत वज़ीरी का कहना है कि तालेबान ने वर्ष 2016 में व्यापक और गंभीर हमले आरंभ किए किन्तु इसमें वह अपने लक्ष्य प्राप्त नहीं कर सके।

अफ़ग़ान विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने इसी प्रकार इस बात का विवरण देने से इन्कार किया कि तालेबान ने कितने क्षेत्रों पर क़ब्ज़ा कर लिया है। तालेबान गुट ने वर्ष 2016 के अंत में दावा किया कि अफ़ग़ानिस्तान के चालीस से अधिक शहरों पर तालेबान का नियंत्रण है किन्तु अफ़ग़ान रक्षामंत्रालय ने इस बयान का खंडन किया है।

यह एेसी स्थिति में है कि वर्ष 2016 में अफ़ग़ानिस्तान में झड़पों और तनाव में काफ़ी वृद्धि हो गयी थी और क़ुन्दूज़ और हेलमंद जैसे महत्वपूर्ण प्रांतों व अन्य शहरों पर तालेबान ने निरंतर हमले किए हैं।

दूसरी ओर अफ़ग़ानिस्तान अधिकारियों ने कहा है कि तालेबान के साथ होने वाली झड़पों में 50 से अधिक ताले मारे गये जिनमें उनके कई कमान्डर भी शामिल हैं।

हेलमंद प्रांत से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, सबसे भीषण झड़पें हेलमंद प्रांत में हुईं जिसमें 30 से अधिक तालेबान मारे गये।

रिपोर्ट में बताया गया है कि तालेबान ने सेना पर व्यापक स्तर पर हमला कर दिया जिसके बाद झड़पें आरंभ हो गयीं। सेना की जवाबी कार्यवाही में 25 तालेबान मारे गये जिनमें 8 कमान्डर भी शामिल हैं। सूत्रों ने बताया है कि इस क्षेत्र में तालेबान के विरुद्ध सेना ने हवाई हमले भी किए जिसमें चार तालेबान मारे गये और चार अन्य घायल हुए।

लूगर प्रांत से भी प्राप्त होने वाली रिपोर्ट में बताया गया है कि सेना और तालेबान के मध्य होने वाली झड़पों में तालेबान के 20 लड़ाके मारे गये हैं।  तालेबान ने अभी तक इस बारे में कई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है यद्यपि वह अपने हमलों के बारे में बयान जारी करते हैं।

लूगर प्रांत के अधिकारियों ने घोषणा की है कि लूगर प्रांत में सड़क के किनारे लगे बम के धमाके और झड़पों में एक पुलिस कर्मी हताहत और पांच अन्य पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। (AK)