मारा गया ढाका हमले का मुख्य आरोपीः बांग्ला पुलिस
बांग्लादेश पुलिस का कहना है कि उसने राजधानी ढाका में पिछले साल एक रेस्टोरेंट पर हमला करने वाले आक्रमणकारी को मार गिराया है।
बांग्लादेश पुलिस के प्रवक्ता यूसुफ़ अली ने बताया है कि ढाका के होली आर्टिसेन रेस्टोरेंट पर हमले का मास्टरमाइंड आज शुक्रवार को पुलिस मुडभेड़ में मारा गया। उन्होंने कहा कि यह आतंकवादी उस मुठभेड़ में मारा गया जो स्थानीय समय के अनुसार तड़के लगभग तीन बजे ढाका के मोहम्मदपुर क्षेत्र में हुई। इस मुठभेड़ में उसका एक साथी भी मारा गया है। पुलिस ने बताया कि नूर अली मरजान, जेएमबी या जमातुल मुजाहिदीन बांग्लादेश का सदस्थ था।
ज्ञात रहे कि एक जुलाई 2016 को ढाका के एक रेस्टोरेंट में पांच बंदूकधारियों ने गोलीबारी करके कई लोगों को बंधक बना लिया था। इस घटना में 29 लोगों की मौत हो गई थी जिसमें अधिकतर विदेशी थे।
उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश में होने वाले कई आतंकवादी हमलों की ज़िम्मेदारी आतंकवादी गुट दाइश ने स्वीकार की है किंतु इस देश की सरकार का मानना है कि यह काम जेएमबी या जमातुल मुजाहिदीन बांग्लादेश का है।