व्यापारिक युद्ध में कोई विजेता नहीं हो सकता
चीन ने कहा है कि व्यापारिक युद्ध में कोई विजेता नहीं हो सकता।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने डेवोस में भाषण देते हुए भूमंडलीकरण का बचाव किया और कहा कि आर्थिक विकास से लाखों लोगों के जीवन में बेहतरी आई है।
विश्व आर्थिक फ़ोरम की बैठक को संबोधित करते हुए चीनी राष्ट्रपति का कहना था कि आप चाहें या न चाहें विश्व इकानामी एक सागर है जिससे आप भाग नहीं सकते।
चीनी राष्ट्रपति ने अपने भाषण में कहा कि हमें स्वतंत्र व्यापार और पूंजीनिवेश के साथ जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि चीन इस लिए सफल हुआ कि उसने वह रास्ता चुना जो उसकी ज़रूरतों के अनुरूप था और वह अपने मानदंड अन्य देशों पर थोपने का प्रयास नहीं करेगा।
दूसरी ओर चीनी राष्ट्रपति के इस भाषण के अवसर पर चीन की सरकार ने विश्व संस्थाओं और कारोबारी ग्रुप्स की ओर से टिप्पणी का निशाना बनाए जाने के बाद देश में विदेशी निवेश लाने के लिए विभिन्न विभागों पर लगे प्रतिबंधों में नर्मी लाने की घोषणा की है। चीनी सरकार के बयान में कहा गया है कि सरकार विदेशी निवेश को बढ़ावा देने के लिए बैंकिंग, सुरक्षा, निवेश की शैली, बीमा और एकाउंटिंग सेक्टर पर लगे प्रतिबंधों में नर्मी करेगी।