आतंकियों का ठिकाना पाकिस्तान में हैः अफ़ग़ान गृह मंत्रालय
अफ़ग़ान गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने तुर्क अधिकारियों के उस दावे को रद्द किया है जिसमें उन्होंने कहा है कि इस्तांबोल में नाइट क्लब पर हमले के संबंध में गिरफ़्तार होने वाले व्यक्ति ने अफ़ग़ानिस्तान में ट्रेनिंग ली थी।
अफ़ग़ान गृह मंत्रालय के प्रवक्ता सिद्दीक़ सिद्दीक़ी ने कहा है कि आतंकवादी गुटों ने अफ़ग़ानिस्तान से बाहर ट्रेनिंग ली क्योंकि अफ़ग़ान सुरक्षा बल उनके ख़िलाफ़ कार्यवाही कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि काबुल सरकार की कोशिश है कि आतंकियों के लिए अफ़ग़ानिस्तान में कोई गुप्त ठिकाना न हो लेकिन अफ़सोस की बात यह है कि उनके ठिकाने पाकिस्तान में हैं।
ग़ौरतलब है कि मंगलवार को इस्तांबोल के राज्यपाल वासिफ़ शाहीन ने पत्रकारों से कहा था कि नववर्ष की रात, नाइट क्लब पर हमला करने वाले उज़्बकी हमलावर ने अफ़ग़ानिस्तान में ट्रेनिंग ली है। उसका असली नाम अब्दुल क़ादिर मिशराफ़ है और उसका उपनाम या लक़ब अबु मोहम्मद ख़ुरासानी अब्दुलक़वी है। वह 1983 में पैदा हुआ।
ज्ञात रहे कि नववर्ष समारोह के दौरान इस्तांबोल में एक नाइट क्लब पर हुए हमले में 39 लोग मारे गए थे।(MAQ/N)