पाकिस्तान में मनाया गया कश्मीर दिवस
https://parstoday.ir/hi/news/world-i35883-पाकिस्तान_में_मनाया_गया_कश्मीर_दिवस
पाकिस्तान में आज 5 फरवरी को कश्मीर दिवस मनाया गया। 
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Feb ०५, २०१७ १४:११ Asia/Kolkata
  • पाकिस्तान में मनाया गया कश्मीर दिवस

पाकिस्तान में आज 5 फरवरी को कश्मीर दिवस मनाया गया। 

कश्मीर दिवस का आरंभ रविवार को पाकिस्तान में एक मिनट के मौन के साथ शुरू हुआ।

भारत नियंत्रित कश्मीर की जनता से सहानुभूति प्रकट करने के उद्देश्य से पाकिस्तान में प्रतिवर्ष 5 फरवरी को कश्मीर दिवस मनाया जाता है।

कश्मीर दिवस के अवसर पर पाकिस्तान के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री दोनों ने संदेश जारी किये।  ममनून हुसैन और मियां मुहम्मद नवाज़ शरीफ़ ने अपने संदेशों में कहा है कि कश्मीर संकट के समाधान तक दक्षिण एशिया में शांति की स्थापना संभव नहीं है।  दोनो पाकिस्तानी नेताओं का मानना है कि भारत नियंत्रित कश्मीर में मानवाधिकारों का हनन किया जा रहा है।

पाकिस्तान के राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा है कि आज के दिन हम सब मिलकर इस बात का फिर प्रण लेते हैं कि कश्मीरी जनता का हम नैतिक और कूटनैतिक समर्थन जारी रखेंगे।  उन्होंने संयुक्त राष्ट्रसंघ से मांग की है कि वह अपने दायित्वों का निर्वाह करते हुए भारत नियंत्रित कश्मीर में होने वाले अत्याचारों की निष्पक्ष जांच कराए।

कश्मीर दिवस के अवसर पर पाकिस्तान की सेना ने एक विशेष गाना लांच किया है।