अमरीकाः क्रीमिया का इलाक़ा यूक्रेन को लौटा दे रूस,
अमरीका के राष्ट्रपति ने रूस से कहा है कि वह क्रीमिया इलाक़े को दोबारा यूक्रेन को लौटा दे।
ट्रम्प ने जिनका रूस की ओर झुकाव अमरीका के भीतर भारी विवाद का कारण बना है और ट्रम्प की पूरी टीम संदेह के दायरे में आ गई है, अब यह धारणा उत्पन्न करने की कोशिश की है कि वह रूस के साथ कठोरता बरतेंगे।
वाइट हाउस के प्रवक्ता शान स्पाइसर ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने साफ़ कर दिया है कि उन्हें यह आशा है कि रूसी सरकार यूक्रेन में हिंसा को लगाम देगी तथा क्रीमिया का क्षेत्र यूक्रेन को लौटा देगी।
ज्ञात रहे कि 17 मार्च 2014 को क्रीमिया ने यूक्रेन से अपनी स्वाधीनता की घोषणा कर दी और रूस में विलय के लिए औपचारिक अनुरोध किया था। इस विषय में रेफ़रेंडम कराया गया जिसमें 96 दशमलव 8 प्रतिशत लोगों ने रूस के साथ विलय के पक्ष में वोट दिया था।
वाइट हाउस के प्रवक्ता स्पाइसर ने कहा कि यह सब कुछ इस लिए हुआ कि पूर्व राष्ट्रपति ओबामा रूस के बारे में ज़रूरत से ज़्यादा कठोरता दिखा रहे थे। प्रवक्ता ने कहा कि ट्रम्प प्रशासन पिछली सरकार से बिल्कुल अलग अंदाज़ में काम करेगा और हम मिलकर दाइश तथा आतंकवाद जैसे बड़े मुद्दों का समाधान कर सकते हैं।
उधर संयुक्त राष्ट्र संघ में रूस के राजदूत विटाली चोरकिन ने हाल ही में कहा कि क्रीमिया के लोगों ने जनमत संग्रह में बिल्कुल स्पष्ट शब्दों में अपना फ़ैसला सुना दिया है।