तालेबान प्रतिनिधिमंडल चीन में, शांति प्रक्रिया में शामिल होने की भूमिका
https://parstoday.ir/hi/news/world-i37922-तालेबान_प्रतिनिधिमंडल_चीन_में_शांति_प्रक्रिया_में_शामिल_होने_की_भूमिका
चीन ने वरिष्ठ अफ़ग़ान तालेबान नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल की मेज़बानी की जिसे अफ़ग़ानिस्तान की शांति प्रक्रिया में तालेबान को शामिल करने की चीन की योजना का एक भाग माना जा रहा है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Mar ०८, २०१७ ०४:४८ Asia/Kolkata
  • तालेबान प्रतिनिधिमंडल चीन में, शांति प्रक्रिया में शामिल होने की भूमिका

चीन ने वरिष्ठ अफ़ग़ान तालेबान नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल की मेज़बानी की जिसे अफ़ग़ानिस्तान की शांति प्रक्रिया में तालेबान को शामिल करने की चीन की योजना का एक भाग माना जा रहा है।

मीडिया में आए समाचारों के अनुसार 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का  नेतृत्व क़तर स्थित तालेबान के कार्यालय के प्रमुख शेर अब्बास स्तानीकाज़ई ने की जबकि इसमें अन्य तालेबान नेताओं में मौलवी शहाबुद्दीन दिलावर, जान मोहम्मद मदनी, सलाम हनफ़ी और सालेह भी शामिल थे।

तालेबान सूत्रों के हवाले से मीडियो ने रिपोर्ट दी कि यह यात्रा नार्वे, जर्मनी, फ़्रांस और ब्रिटेन जैसे यूरोपीय देशों और क्षेत्रीय देशों के साथ तालेबान के राजनैतिक कार्यालय के सबंधों का एक हिस्सा भी थी और इन संबंधों को अफ़ग़ानिस्तान में शांति की बहाली पर केन्द्रित किया जा रहा है।

एक तालेबान नेता ने कहा कि चीन एक बड़ी विश्व शक्ति के रूप में अफ़ग़ानिस्तान में शांति व स्थिरता की स्थापना में अपनी भूमिका निभाना चाहता है, इसी लिए उसने तालेबान नेताओं को बीजिंग यात्रा का न्योता दिया।

तालेबान प्रतिनिधिमंडल की यात्रा के बाद अफ़ग़ानिस्तान के मामले में चीन के विशेष  दूत देंग ज़ीजुन ने काबुल की यात्रा की थी और अफ़ग़ान राष्ट्रपति अशरफ़ गनी तथा अन्य अधिकारियों से मुलाक़ातें की थीं। उन्होंने अफ़ग़ान राष्ट्रपति से कहा कि चीन ने तालेबान को शांति प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया है।

तालेबान प्रतिनिधिमंडल की बीजिंग यात्रा से पहले मास्को में रूस, चीन और पाकिस्तान के कूटनयिकों की मुलाक़ात हुई थी।