दाइश और तालेबान एक दूसरे से सहकारिता कर रहे हैः अफगानिस्तान
यह दोनों गुट सरकारी सुरक्षा बलों के विरुद्ध लड़ते हैं।
अफगानिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने कहा है कि तालेबान और दाइश एक दूसरे से संबंध रखते हैं और दोनों एक दूसरे के दुश्मन नहीं हैं।
प्राप्त समाचारों के अनुसार मोहम्मद हनीफ अतमर ने एक साक्षात्कार में कहा कि अफगानिस्तान में दाइश का कोई भी गुट सीरिया या इराक से नहीं आया है बल्कि तालेबान गुट, तहरीके तालेबान पाकिस्तान और तहरीके इस्लामी उज़्बेकिस्तान के सदस्य हैं जिन्होंने अपना नाम परिवर्तित करके दाइश रख लिया है।
अतमर ने कहा कि वे लोग भारी भूल में हैं जो तालेबान को दाइश का शत्रु समझते हैं या उनका मानना है कि तालेबान दाइश के विरुद्ध लड़ते हैं।
उन्होंने अफगानिस्तान के विभिन्न क्षेत्रों में तालेबान और दाइश के मध्य निकट सहकारिता की ओर संकेत किया और कहा कि यह दोनों गुट सरकारी सुरक्षा बलों के विरुद्ध लड़ते हैं।
इससे पहले भी अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा कार्यालय के प्रमुख अम्रुल्लाह सालेह ने कहा था कि इस देश में दाइश गुट मौजूद नहीं है।
इसी प्रकार उन्होंने दावा किया कि बुधवार को काबुल में जो सैनिक अस्पताल पर हमला हुआ था वह पाकिस्तान की खुफिया सेवा आईएसआई और तालेबान की सहकारिता से अंजाम दिया गया था।
उस हमले में कम से कम 50 व्यक्ति हताहत और लगभग 70 दूसरे घायल हो गये थे।
ज्ञात रहे कि बुधवार को काबुल में सैनिक अस्पताल पर होने वाले हमले की ज़िम्मेदारी दाइश ने स्वीकार की थी। MM